विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव की 160 साल पुरानी ‘मटरिहा की मटकी बर्फी’ और ‘अधपवा’ बेहद लोकप्रिय, इन देसी मिठाइयों की खास कहानी

Published: Tue, 10 Nov 2026 06:50 PM (IST)

उन्नाव के ग्रामीण क्षेत्रों में मटरिहा की मटकी वाली बर्फी, बख्खा खेड़ा की गीली बर्फी और अधपवा जैसी पारंपरिक मिठाइयाँ 150 से अधिक वर्षों से अपनी पहचान बनाए हुए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मटरिहा की मटकी बर्फी 150 साल से अधिक पुरानी।

  2. बख्खा खेड़ा की गीली बर्फी अपने अनोखे स्वाद के लिए मशहूर।

  3. अधपवा मिठाई घाटमपुर कलां की प्रसिद्ध पारंपरिक देन।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में अभी और भी ऐसे व्यंजन हैं जो सरकारी व्यवस्था एक जनपद एक व्यंजन के तहत पात्र बन सकते हैं। इसमें हसनगंज ब्लाक क्षेत्र में स्थित मटरिया गांव की 'हांडी वाली गीली बर्फी' पूरे प्रदेश में अपनी खास पहचान रखती है। इसे स्थानीय बोलचाल में 'मटिहा की बर्फी' या मटरिया की बर्फी भी कहा जाता है।

यह मिठाई लगभग 150 साल पुरानी है (सन 1874 से) इसकी शुरुआत स्वर्गीय सेठ रामलाल हलवाई के परिवार द्वारा की गई थी और अब इसकी पीढ़ियां इस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। यह बर्फी डिब्बों के बजाय मिट्टी की हांडी (मटकी) में बेची और पैक की जाती है, जिससे इसमें सौंधी खुशबू बनी रहती है।

बख्खा खेड़ा की गीली बर्फी मशहूर

वहीं, सदर तहसील व बिछिया ब्लाक के अंतर्गत बख्खा खेड़ा की गीली बर्फी (राम प्रसाद की बर्फी) अपने अनोखे और पारंपरिक स्वाद के लिए बेहद मशहूर है। यह दुकान उन्नाव से पड़री जाने वाले मार्ग पर बख्खा खेड़ा गांव की सीमा के पास स्थित है।

इस मशहूर दुकान की शुरुआत स्व. राम प्रसाद ने की थी। उनके निधन के बाद अब इस दुकान को उनके पुत्रों द्वारा पूरी शुद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है। यहां की बर्फी को आम बोलचाल में 'गीली बर्फी' भी कहा जाता है।

'अधपवा' एक बेहद प्रसिद्ध पारंपरिक मिठाई

इसके अलावा, बीघापुर तहसील के अंतर्गत घाटमपुर कलां का 'अधपवा' एक बेहद प्रसिद्ध पारंपरिक मिठाई है। इसे 'अधपवा' इसलिए कहा जाता है क्योंकि शुरुआती दौर में यह 'आधे पाव' (लगभग 125 ग्राम) के वजन या नाप के हिसाब से बनाई और परोसी जाती थी।

इस अनोखी मिठाई की शुरुआत सन 1960 के आसपास भजन गुप्ता परिवार ने घाटमपुर के मुड़कटी चौराहा पर की गई थी। जमींदारी काल में घाटमपुर कला गांव के आजीविका के लिए दूध को कड़ाही में पकाकर गीली बर्फी जैसी मिठाई बनानी शुरू की। अब यह मिठाई लालकुआं-भोजपुर मार्ग पर मुड़कटी चौराहे से बीघापुर कस्बे तक लोकप्रिय है।

चौथी पीढ़ी तक का सफर

घाटमपुर खुर्द निवासी शिवचंद साहू की तीसरी पीढ़ी, आड़ाखेड़ा के रज्जन यादव की दूसरी पीढ़ी और भजन गुप्ता परिवार की चौथी पीढ़ी के रमा व मुकेश गुप्ता समेत पांच परिवार इसे बना रहे हैं। घाटमपुर और बीघापुर में करीब एक दर्जन दुकानदार भी यह मिठाई बनाते हैं।

आसपास के 50 से अधिक गांवों के लोग इसे अपने परिवार, रिश्तेदारों और कार्यक्रमों में आए मेहमानों को गर्व से खिलाते हैं। तहसील में तैनात अधिकारियों को भी यह मिठाई भेंट की जाती है। तबादले के बाद जाने वाले अधिकारी परिचितों से इसे लाने का अनुरोध करते हैं।

यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर में दीपावली पर बढ़ी देशी मिठाइयों की धूम, चीनी के खिलौने और लखनऊ की रेवड़ी बनी पहली पसंद

यह भी पढ़ें- संभलकर खाइए स्वीट्स... यहां जानिए बर्फी, गुलाब जामुन और दूसरी मिठाइयों की एक्सपायरी डेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।