गंगा के कटान ने रोकी कानपुर की राह, कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग बंद; हजारों लोग परेशान
गंगा के कटान से कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग बंद हो गया है, जिससे हजारों लोगों को कानपुर आने-जाने में परेशानी हो रही है। विधायक और अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्ग के लिए निरीक्षण किया, लेकिन हिंदूपुर के ग्रामीणों ने पहले इसका विरोध किया।

कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग से कुछ दूरी पर वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए जगह देखते विधायक श्रीकांत कटियार,एसडीएम बृजमोहन शुक्ला सहित अन्य विभाग के कर्मचारी। जागरण
HighLights
गंगा कटान से कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग अवरुद्ध हो गया।
हजारों लोगों को कानपुर आने-जाने में लंबा चक्कर लगाना पड़ा।
वैकल्पिक मार्ग पर हिंदूपुर के ग्रामीणों ने विरोध जताया।
संवाद सूत्र, फतेहपुर चौरासी(उन्नाव)। गंगा की मुख्य धारा में बदलाव और जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में तेजी से कटान हो रहा है। कालीमिट्टी शिवराजपुर मार्ग कटने से आवागमन बंद हो गया है। वहीं कानपुर आने-जाने वाले हजारों लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। समस्या को देखते हुए विधायक, एसडीएम और लोक निर्माण विभाग व सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने रविवार को मार्ग का निरीक्षण किया और वैकल्पिक रास्ते के लिए भूमि चिन्हित की।
यह मार्ग अगस्त 2025 में कट गया था। इसके छह माह बाद फरवरी 2026 में वैकल्पिक मार्ग बनाकर आवागमन शुरू हुआ, लेकिन अगस्त 2026 में मार्ग फिर कट गया। तब से करीब तीन माह से यहां लगातार कटान जारी है। बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, एसडीएम बृजमोहन शुक्ला और लोक निर्माण विभाग के एई कमलेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान नया बंगला हिंदूपुर से चक मार्ग तक वैकल्पिक रास्ते का चिन्हांकन कराया।
विधायक ने बताया कि सिंचाई विभाग के कर्मचारी जल्द ही धारा का रुख बदलने का काम करेंगे, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। एसडीएम ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक मार्ग बनाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के बाद अधिकारी वैकल्पिक मार्ग के लिए नया बंगला हिंदूपुर पहुंचे तो गांव की महिलाओं ने विरोध किया।
विधायक और एसडीएम के समझाने के बाद ग्रामीण सहमत हुए। मुख्य मार्ग से करीब डेढ़ किमी दूर वैकल्पिक रास्ता बनाया जाएगा और पुराने चक मार्ग को खोला जाएगा। रास्ते में एक किसान की भूमि आ रही है, जिसके लिए सहमति पत्र लिया गया है।
विधायक ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पहले कई बार निरीक्षण किया, लेकिन आगे कार्रवाई नहीं की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और काम विधायक निधि से लोक निर्माण विभाग के जरिए कराने की बात कही। कटान में कृषि भूमि और सब्जियों की फसलें भी नष्ट हुई हैं। बैंगन, सोया, गोभी, लौकी और टमाटर के खेतों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इससे बाजार में सब्जियों के दाम बढ़े हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।