विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में म्यूल खाते खुलने के राजफाश के बाद उन्नाव में भी हड़कंप, 250 महिलाओं को मुफ्त में साड़ी बांटकर कराई बायोमेट्रिक

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:06 PM (IST)

रायबरेली में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद उन्नाव के जालिमखेड़ा में भी 250 महिलाओं को मुफ्त साड़ी का लालच देकर बायोमेट्रिक डेटा लिया गया। इस धोखाधड़ी से म्यूल खाते खोले गए, जिससे अब महिलाएं अपने दस्तावेजों के दुरुपयोग को लेकर चिंतित हैं।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. मुफ्त साड़ी के बहाने 250 महिलाओं का बायोमेट्रिक लिया गया।

  2. बायोमेट्रिक डेटा का उपयोग कर म्यूल खाते खोले गए।

  3. रायबरेली फर्जीवाड़े के बाद उन्नाव में भी हड़कंप मचा।

संवाद सूत्र, नवाबगंज(उन्नाव)। रायबरेली के बछरावां में हुए बड़े फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद अब उन्नाव के जालिमखेड़ा में भी हड़कंप मच गया है। एक तरफ मुफ्त कंबल और सिम का झांसा देकर 150 से ज्यादा लोगों के बायोमेट्रिक से फर्जीवाड़ा, तो दूसरी तरफ कंपनी की साड़ी बांटने के नाम पर 250 महिलाओं के अंगूठे के निशान और दस्तावेज।

रायबरेली बछरावां के टांडा मजरे शेखपुर समोधा में गांव में मोबाइल सिम खरीदने पर मुफ्त कंबल का लालच देकर 150 से अधिक लोगों का बायोमेट्रिक करा म्यूल (बोगस) खाते खोल दिए। इसी तरह का एक मामला उन्नाव में भी सामने आया। अजगैन के जालिमखेड़ा निवासी गोकुल ने अपने गांव में भी कुछ ऐसा ही किया है। एक मोबाइल कंपनी में खुद के काम करने की बात कह कंपनी की ओर से 250 महिलाओं को मुफ्त में साड़ियां दिए जाने की बात कह उनके आधार लिए और बायोमेट्रिक कराई।

बछरावां पुलिस द्वारा राजफाश किए जाने के बाद अब गांव की महिलाओं की चिंता बढ़ गई है। अजगैन के जालिमखेड़ा निवासी गोकुल पुत्र हरीशंकर लगभग दो साल पहले नवाबगंज में एक मोबाइल कंपनी का सिम बेंचने का काम करता था। पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। हालांकि विवाद के चलते पत्नी मायके सेनही में है। दो भाई रामजी व दीपक गांव में रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गोकुल लंबे समय से गांव नहीं आया।

27 अक्टूबर 2026 को गोकुल ने गांव में लगभग 250 महिलाओं से उनका आधार लेकर बायोमेट्रिक कराई और सभी को मोबाइल कंपनी से मुफ्त में साड़ी दिए जाने की बात सभी को एक-एक साड़ी बांटी। गांव से जाने के बाद उसने रायबरेली के बछरावां क्षेत्र के टांडा मजरे शेखपुर समोधा में 21 नवंबर से 28 नवंबर तक अपने एक साथी की मदद से मोबाइल सिम बिक्री का कैंप लगाया। कैंप के जरिए लोगों को फंसाने के लिए सिम खरीदने पर कंबल मुफ्त देने का आफर रखा गया। सिम के लिए आरोपितों ने लोगों का बायोमेट्रिक कराया।

बायोमेट्रिक के दौरान एक आधार से तीन सिम एक्विेट कर दिए। एक धारक को दिया और दो से सिम अपने पास रख लिए। इन लोगों के नाम से बैंक में म्यूल खाते में खुल गए। मोबाइल पर खाता खुलने का मैसेज आने पर पुलिस से शिकायत की गई। इस पर पुलिस ने गोकुल के साथी को पकड़ लिया। अब पुलिस गोकुल की तलाश कर रही है।

वहीं साड़ी लेने वाली जालिमखेड़ा गांव की महिलाओं ने बताया कि अब उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि आरोपित उनके दस्तावेज से म्यूल खाता न खोल दें। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि इसकी जांच कराई जाएगी।

 

यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर एक और औद्योगिक गलियारा, उन्नाव में खुलेंगे रोजगार के अवसर; इन 32 गांवों में तलाशी जाएगी जमीन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।