Unnao Murder Case: 13 बिस्वा जमीन के लिए बहनोई की हत्या, सोते समय तीन चचेरे सालों ने जबड़े में मार दी गोली
उन्नाव के सोहरामऊ में 13 बिस्वा जमीन विवाद में सोते समय बहनोई कन्हैयालाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

दिवंगत कन्हैया लाल (फाइल फोटो)। स्वजन
HighLights
उन्नाव में 13 बिस्वा जमीन विवाद में हत्या
सोते समय बहनोई को गोली मारी गई
दो चचेरे साले गिरफ्तार, एक फरार
संवाद सूत्र, नवाबगंज(उन्नाव)। सोहरामऊ क्षेत्र के गांव ठाकुराइनखेड़ा में 13 बिस्वा जमीन को लेकर दो साल से चल रहे विवाद ने शनिवार रात खून संघर्ष का रूप ले लिया। रिश्तों को शर्मशार करते हुए तीन चचेरे सालों ने शनिवार देर रात घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे बहनोई की गोली मारकर हत्या कर दी।
बेटी का आरोप है कि चचेरे तीनों मामा पांच लाख रुपये में पिता से जमीन लिखाना चाह रहे थे। पिता के इन्कार करने पर हत्या कर दी। पूर्व में पुलिस मामले में गंभीरता बरतती तो पिता की हत्या न होती। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीनों चचेरे सालों पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया है।
ठकुराइनखेड़ा गांव निवासी 48 वर्षीय कन्हैयालाल खेती कर परिवार का गुजारा चलाते थे। ग्रामीणों के अनुसार कन्हैयालाल ने लखनऊ के मोहनलालगंज मरुई निवासी चचेरे साले नागेंद्र, सुशील व भूपेंद्र को अपनी 13 बिस्वा जमीन बेंचने की बात कुछ रुपये लिए थे। हालांकि रुपये लेने के बाद जमीन अपने सालों के नाम नहीं की।
इसी के बाद से तीनो साले उन पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। जमीन न देने पर रंजिश मानने लगे। शनिवार रात कन्हैयालाल घर के बरामदे में चारपाई पर सोये थे। रात लगभग 12 बजे तीन बार गोली चलने की आवाज सुन स्वजन घर से बाहर निकले तो आंगन से तीन लोग भागते दिखाई दिये।
कन्हैयालाल का बायां जबड़ा पूरी तरह क्षतिग्रस्त देख स्वजन असोहा सीएचसी ले गए। यहां से जिला अस्पताल फिर कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। कानपुर मे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेटी अनिमिका ने बताया कि उनके चचेरे मामा पूरी जमीन छह लाख रुपये में मांग रहे थे। इस पर पिता ने जमीन देने से मना कर दिया। पिता द्वारा जमीन बिक्री के नाम पर पूर्व में रुपये लेने की बात को बेटी ने निराधार बताया।
बेटी के अनुसार दो माह पहले चौपई पुलिस चौकी पर पंचायत हुई थी। पिता ने जमीन देने से इन्कार कर दिया था। सुलह न होने पर आरोपितों ने पिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। हत्यारोपित घर के पीछे एक टीले पर कुछ ईंट रखकर घर में घुसे और बरामदे में सो रहे पिता पर गोलियां दागकर भाग गए।
बेटे अमन की तहरीर पर पुलिस ने दिवंगत के चचेरे साले नागेंद्र, सुशील व भूपेंद्र पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर नागेंद्र और सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय ने बताया कि तीसरे आरोपित को पकड़ने व तमंचा बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। कन्हैयालाल की मौत से उसकी पत्नी उमा, बेटे अमन, अभिषेक व बेटी आंकाक्षा और अनामिका का रो-रोकर बुरा हाल है।
