Unnao में निकाह से पहले दूल्हे की खुली पोल, ‘भैंस’ चोरी में पहुंचा हवालात
निकाह से एक दिन पहले उन्नाव में एक दूल्हा अपने साथी के साथ भैंस चोरी के आरोप में गिरफ्तार हो ...और पढ़ें

HighLights
निकाह से एक दिन पहले दूल्हा भैंस चोरी में गिरफ्तार हुआ।
शादी का खर्च जुटाने के लिए लखनऊ से दो भैंसें चुराईं।
ग्रामीणों ने शक होने पर पकड़कर पुलिस को सौंपा आरोपी।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। निकाह पढ़ने से पहले चोरी की भैंस ने दूल्हे को हवालात पहुंचा दिया। बरात जाने से एक दिन पहले आरोपित दूल्हा अपने साथी के साथ लखनऊ से दो भैंस चोरी कर लाया था। बेचने की फिराक में लगे दोनों आरोपितों को शक के आधार पर ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने हिरासत में लेकर लखनऊ पुलिस के सिपुर्द किया है।
आसीवन क्षेत्र के गांव सधाखेड़ा निवासी इमरान की मंगलवार को बरात जानी थी। घर पर शादी की तैयारियां जोर पकड़े थी। रिश्तेदार भी घर पहुंच चुके थे। शादी का खर्च जुटाने के लिए इमरान सोमवार रात अपने साथी पवन के साथ लखनऊ के पारा क्षेत्र पहुंचा और वहां रहने वाले रिजवान और ध्रुव की दो-दो लाख कीमत की दो भैंस चोरी कर लोडर से आसीवन ले गया।
अपने गांव से पांच किमी दूर चंपाखेड़ा गांव में भैंस बांधकर दोनों घर चले गए। नहाने, खाने के बाद सुबह लगभग 10 बजे फिर से चंपाखेड़ा गांव पहुंचे और वहां के ग्रामीणों को कम कीमत में भैंस बेचने का प्रयास करने लगे। शक होने पर ग्रामीणों ने 112 नंबर पर सूचना दी।
पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की तो लखनऊ से भैंस चोरी कर यहां लाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को हवालात पहुंचाने के साथ भैंस मालिक व लखनऊ की पारा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस इमरान व उसके साथी पवन को अपने साथ लेकर चली गई।
इमरान के पकड़े जाने के बाद उसकी बरात की तैयारी धरी रह गई। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की है। पशु मालिक ने वहीं मुकदमा भी दर्ज कराया था। इस पर वहां की पुलिस आरोपितों के साथ भैंस भी लेकर गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।