Diwali में कानपुर के 32 जगहों पर लगी आग, घर, दुकान, फैक्ट्री, सब जलकर खाक
दीपावली पर कानपुर में 32 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं, जिनमें मोबाइल दुकान, फैक्ट्री और घरों समेत सवा ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर में दीपावली पर 32 स्थानों पर आग लगी।
मोबाइल दुकान, फैक्ट्री, घरों में सवा करोड़ का नुकसान।
दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दीपावली पर आग की घटनाओं को देखते हुए शहर का 11 अग्निशमन केेंद्र अलर्ट रहा। आठ नवंबर की सुबह छह बजे से नौ नवंबर तक शहर में मोबाइल फोन की दुकान, तकिया-रजाई के कारखाना-गोदाम, झोपड़ी, वाहन समेत 32 स्थानों पर आग लगी, जिसमें सवा करोड़ से अधिक का नुकसान बताया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच काबू पाया। दीपावली पर अग्निशमन केंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारी अलर्ट रहे। फायर कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया।
बर्रा-आठ निवासी सुरेंद्र सिंह की घर में ही सरदार जी मोबाइल वाले के नाम से मोबाइल फोल व इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है, जबकि पहली मंजिल पर उनका परिवार रहता है। सुरेंद्र ने बताया कि सोमवार रात दुकान बंद कर वह परिवार के साथ गुरुद्वारे गए थे। कुछ देर बाद दुकान में आग लगने की जानकारी मिली। दमकल की गाड़ी ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सुरेंद्र के मुताबिक, शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। गनीमत रही कि आग समय पर बुझा ली गई, जिससे लपटें उनके घर तक नहीं पहुंची। आग में मोबाइल, सामान, नकदी समेत करीब करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है।
वहीं, श्याम नगर बी ब्लाक में मकान की पहली मंजिल पर बंटी अग्रवाल परिवार के साथ रहते हैं, जबकि भूतल में रजाई और तकिया का कारखाना व गोदाम है। रविवार रात गोदाम में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई और कारखाने तक पहुंच गई। इससे धुआं उनके घर तक पहुंचा तब जानकारी हुई। किसी तरह बंटी, उनके पिता विजय अग्रवाल समेत परिवार के लोग बाहर निकले। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया।
जाजमऊ फायर स्टेशन के अधिकारी मो. शमीम ने बताया कि पटाखों की चिंगारी से आग लगी थी। गली सकरी होने से एक साथ तीन दमकल नहीं पहुंच पा रही थी। एक-एक गाड़ी कर अंदर ले जाई गई और आग पर काबू पाया गया। कारखाना संचालक अभी नुकसान का आंकलन नहीं कर सके हैं।
वहीं, श्याम नगर में गत्ते की फैक्ट्री में भीषण आग लगने की सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी तरह से कलक्टरगंज में अनिल नमकीन भंडार के पास एक घर में आग लगी। दमकल कर्मियों ने जल्द आग पर काबू पाया।
कर्नलगंज क्षेत्र के बीएनएसडी इंटर कालेज के एक कमरे में आग लगने पर दमकल कर्मियों ने उसे बुझाया। किदवई नगर में बांस वाली गली में बाइक और साउथ एक्स माल के पास डीसीएम में आग लग गई थी, जिसे दमकल कर्मियों ने बुझाया। आचार्य नगर में एक घर और कूड़े के ढेर में आग लगी तो दमकलकर्मी ने काबू पाया।
फजलगंज फैक्ट्री एरिया में कूड़े के ढेर में आग लगी तो गोविंद नगर के निराला नगर स्थित मंशा देवी मंदिर रोड पर एक घर में आग लग लग गई। उधर, काकादेव के नवीन नगर में पेड़ में आग लगी तो सेन पश्चिम पारा के पिपरगवां गांव में झोपड़ी आग की चपेट में आ गई।
इसके अलावा चकरपुर फल एवं सब्जी मंडी, महाराजपुर के महोली गांव और बिठूर के परगही गांव में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। श्याम नगर में बंद मकान में मंगलवार तड़के आग लग गई। जाजमऊ फायर स्टेशन की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। घाटमपुर के तारगांव में दुकान में आग लगने और नौबस्ता के अभिनंदन गेस्ट हाउस में आग लगने पर दमकल कर्मियों ने काबू पाया। कई स्थानों पर दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग बुझा ली थी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम पर मिली सभी सूचनाओं पर तुंरत ही दमकल कर्मी गाड़ी लेकर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।
कार में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित निकाला
कानपुर: कोयला घाट में कार पलटने की सूचना पर पहुंची दमकल के जवानों की टीम ने कार में तीन लोग फंसे हुए थे। दमकल कर्मियों ने तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और पास के निजी अस्पताल भेजा। इसके अलावा कल्याणपुर के सिलिंडर चौराहे के पास नाले में गिरी गाय और घाटमपुर के रामसारी गांव में नाले में गिरी गाय को भी दमकल के जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।