रघुरामपुर गांव में जुलूस के दौरान बनी टकराव की स्थिति, पुलिस ने कराया शांत
गंजमुरादाबाद में बारावफात के जुलूस के दौरान रघुरामपुर और फतेहपुर खालसा में विवाद हुआ पर पुलिस ने शांति बनाए रखी। दो सड़क हादसों में दो युवक घायल हुए जिन्हें लखनऊ रेफर किया गया। कस्बे में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में एक महिला छत से गिरकर घायल हो गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

संवाद सूत्र, गंजमुरादाबाद । बारावफात पर रघुरामपुर गांव में गुरुवार को निकल रहे झंडा जुलूस के दौरान हिन्दू समुदाय के लोगों ने नया रास्ता बताकर दरवाजे से झंडा जुलूस निकालने का विरोध कर दिया। इससे मामला तूल पकड़ गया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से करीब 4 घंटे बाद मामला शांत हुआ। इस पर उसी रास्ते से जुलूस निकाला गया।
शाम करीब 10 बजे से इसी बात को लेकर फिर से विवाद के बाद रात करीब दो बजे जुलूस सम्पन्न हो सका। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे फतेहपुर खालसा में एक देवी मंदिर के निकट से पहली बार झंडा जुलूस निकलने पर हिंदू समुदाय ने विरोध किया। संख्या बल अधिक होने से विरोध के बावजूद जुलूस निकाला गया। इस दौरान दोनों पक्षों में टकराव होते बच गया। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि दो स्थानों पर मामूली कहासुनी हुई थी। दोनों जगहों पर शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस निकलवाए गए।
सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवक घायल
बांगरमऊ के गांव फतेहपुर हमजा निवासी सुबूल बाइक से कस्बा गंजमुरादाबाद जा रहा था। हरदोई- उन्नाव मार्ग पर यूको बैंक के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया। एक अन्य हादसे में गोलुहापुर निवासी सुहेल बाइक लेकर घर से निकला था। गांव के पास कल्याणी पुल पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। सीएचसी से दोनों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
बंदरों के दौड़ाने पर नीचे गिरी महिला, घायल
कस्बे के मुहल्ला जोतपुर निवासी 40 वर्षीय रेखा शुक्रवार दोपहर छत पर किसी काम से गई थी। अचानक बंदरों के झुंड ने रेखा को दौड़ा लिया। हमले से बचने के लिए रेखा ने भागने का प्रयास किया, लेकिन छत पर रेलिंग न होने से नीचे गिर गई।पड़ोसियों ने रेखा को नीचे गिरा देख स्वजन को सूचना दी। स्वजन ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।