विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Google Map देखकर चल रहे कार सवार उन्नाव में गंगा नदी में गिरे, चालक डूबा, 22 घंटे बाद भी नहीं मिला

Published: Sat, 31 Oct 2026 06:24 PM (IST)

उन्नाव में गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए एक कार गंगा नदी में गिर गई। हादसे में एक ...और पढ़ें

गंगा में तरुष की तलाश करते गोताखोर। जागरण

गंगा में तरुष की तलाश करते गोताखोर। जागरण

HighLights

  1. गूगल मैप के भरोसे कार गंगा नदी में गिरी।

  2. एक युवक बचा, चालक तरुष गौड़ 22 घंटे से लापता।

  3. कटान प्रभावित सड़क पर चेतावनी संकेतों की कमी।

संवाद सूत्र, फतेहपुर चौरासी (उन्नाव)। गूगल मैप पर दिखाए गए रास्ते के भरोसे सफर करना दो युवकों के लिए हादसे का सबब बन गया। कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर गंगा पुल से पहले हिंदूपुर नया बंगला गांव के पास कटान के चलते अनियंत्रित हुई कार सीधे गंगा नदी में जा गिरी।

कार सवार दो युवकों में एक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि चालक तेज धारा में लापता हो गया। पीआरवी ने बाहर निकले युवक को सुरक्षित बचाया। पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश करा रही है। हालांकि 22 घंटे बाद भी लापता चालक का पता नहीं चल सका है।

मौरावां थाना क्षेत्र के हिलौली गांव निवासी विजय शंकर जूता-चप्पल का कारोबार करते हैं। सफीपुर थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी 25 वर्षीय तरुष गौड़ के साथ उनकी साझेदारी है। तरुष की सफीपुर में दुकान है, जबकि लखनऊ में व्यापार का काम विजय शंकर देखते हैं।

शुक्रवार को तरुष ने विजय शंकर को सफीपुर बुलाया था। इसके बाद दोनों कार से शिवराजपुर में आलम नाम के व्यापारी से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। विजय शंकर ने बताया कि कार गंगा में गिरने के बाद दोनों खिड़की खोलकर बाहर निकले। वह तैरकर किनारे पहुंच गया, जबकि तरुष तेज धारा में बह गया। कार सड़क से लगभग 20 से 25 फिट नीचे गिरी।

Car Falls into Ganga River in Unnao

कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर गंगा नदी के बाढ़ के पानी में कार गिरने से लापता तरुष की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम। जागरण

दो बहनों का इकलौता है तरुष

वह दो बहनों में इकलौता है। पिता विजय कैंसर से जूझ रहे थे। एक वर्ष पूर्व ही इलाज करा के बाहर से लौटे हैं। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि एक युवक को बचा लिया गया है। दूसरे की तलाश कराई जा रही है।


8 किमी मार्ग पर छह जगह कटान

कालीमिट्टी - शिवराजपुर मार्ग कुल 18 किमी है। इस मार्ग पर पहले भी कई जगह कटान हुआ था और पानी आरपार बहने लगा था। धारा रोकने के प्रयास के बाद पानी का बहाव थम गया था, लेकिन सड़क के बचे हिस्से में छह जगह कटान हुआ। एक किमी दायरे का हाल यह है कि केवल कच्ची पटरी ही बची है। इस मार्ग पर कटान जारी है। इसकी मरम्मत के लिए लगभग 17 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।


गूगल मैप के रास्ते पर उठे सवाल

व्यापार के सिलसिले में शिवराजपुर जा रहे दोनों युवक गूगल मैप के बताए रास्ते से आगे बढ़ रहे थे। स्थानीय स्तर पर कटान से प्रभावित सड़क और उसके किनारे की स्थिति को लेकर पर्याप्त चेतावनी संकेतक नहीं होने से खतरा बढ़ गया। हादसे के बाद इस बात की जरूरत महसूस की जा रही है कि कटान प्रभावित मार्ग पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रात में दिखाई देने वाले संकेतक लगाए जाएं, ताकि वाहन चालक अनजाने में दुर्घटना का शिकार न हों।


बेटे के साथ अनहोनी की आशंका

एसडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे हैं। लापता चालक के पिता ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हादसे में बचाए गए युवक से पूछताछ कर रही है।्र


बैंक प्रबंधक से खाते से पैसे निकासी पर रोक की गुहार लगाई

तरुष के पिता पप्पू गौड़ और बहन नूपुर ने अब तक उसका पता न चलने पर चिंता जताई और अनहोनी की आशंका व्यक्त की। पिता ने बताया कि बेटे के बैंक खाते में लगभग 24 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने बैंक प्रबंधक से कहा है कि चेक या किसी अन्य माध्यम से खाते से धन न निकाला जाए। तरुष के लापता होने से मां सुभा, बहन और अन्य परिजन बेहाल हैं।


रेस्क्यू के दौरान बोट खराब

शनिवार को 14 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम और शुक्लागंज के आठ गोताखोर तलाश में जुटे रहे। एसडीआरएफ ने घटनास्थल से गंगा पुल तक करीब दो किमी और गोताखोरों ने एक किमी तक खोज की, लेकिन तरुष और कार का पता नहीं चला। तलाश के दौरान एसडीआरएफ की एक रेस्क्यू बोट खराब हो गई, जिससे कुछ देर काम रुका रहा।


एसओ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि व्यवसायी और कार की तलाश जारी है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देख रही है कि कार किस समय निकली और उसमें कितने लोग सवार थे। मौके पर भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें- उन्नाव में शटरिंग खोलने के दौरान गिरी स्लैब, दो मजदूरों की दबकर मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।