Sultanpur News: फंदे से लटका मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका; फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस
सुल्तानपुर के सरवन गांव में एक किशोर का शव संदिग्ध अवस्था में कमरे में लटका मिला। पिता ने भूमि विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है। मृतक किशन एक इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। चौथाई का पुरवा सरवन गांव में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में कमरे के अंदर किशोर का शव बल्ली के सहारे रस्सी से लटका पाया गया। पिता ने भूमि विवाद में बेटे की हत्या की आशंका जताई है। फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने घटना स्थल पहुंच कर जांच पड़ताल की है।
गोसाईगंज थाने के सरवन चौथाई का पुरवा निवासी सहजराम का तेरह वर्षीय इकलौता बेटा किशन क्षेत्र में स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र था। पिता सहजराम बगल के गांव महमूदपुर के एक निजी गौशाला में नौकरी करते हैं।
किशन की मां नीतू 27 अगस्त को बेटी के पास जालंधर चली गई थी। मां के जाने के बाद किशन अपने पिता के साथ रात भर गौशाला में रहता था। स्कूल जाने के लिए सोमवार सुबह छह बजे वह गौशाला से घर आया।
सुबह साढ़े आठ बजे सहजराम गौशाला से घर पहुंचा तो कमरे के अंदर का नजारा देख कर सन्न रह गया। बेटे का शव बल्ली के सहारे रस्सी से लटक रहा था। घटना की सूचना पिता ने पुलिस को दी।
सीओ नगर प्रशांत सिंह, थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय, उपनिरीक्षक द्रिवेश त्रिवेदी ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर साक्ष्य संकलित किया है। पिता सहजराम ने भूमि विवाद में हत्या की आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि सहजराम ने पहली पत्नी भीरमती की मौत के बाद नीतू से दूसरी शादी की है। पहली पत्नी से उसे बेटा किशन और एक बेटी हुई। बेटी की सहजराम ने शादी कर दी है।
थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय ने बताया उनको हत्या से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।