Sultanpur News: आंधी के साथ बारिश, शहर में कई जगह गिरे पेड़, बिजली गुल, अगले 24 घंटे छाए रहेंगे बादल
सुलतानपुर में भीषण गर्मी के बाद शाम को मौसम बदला। तेज आंधी से कई पेड़ गिरे और कुछ दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुईं। हालांकि कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। आंधी के बाद हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और बच्चे सड़कों पर खेलते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। सोमवार दिन भर भीषण गर्मी के बाद शाम होते मौसम ने करवट बदल ली। चार बजे के आसपास एकाएक तेज आंधी चली, जिससे शहर से गांव तक कही पेड़ गिरे तो कही दीवार और छज्जे गिरे।
हालांकि, कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई है। वहीं, दस मिनट बाद तेज बारिश शुरू हुई, बीस मिनट के बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। घर से बाहर सड़कों तक बच्चे पानी में खेलते नज़र आए। सुबह से जिले का मौसम बेहद गर्म रहा।
तापमान सुबह 38-39 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ा पारा भी चढ़ता गया। दोपहर होते होते पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया और बाजार से सड़क तक सन्नाटा पसर गया। शाम चार बजे एक बारगी बादल छाए और तेज आंधी चलने लगी, करीब दस मिनट की आंधी के बाद बरसात शुरू हुई।
दस से पंद्रह मिनट की बरसात में शहर की कई सड़के जलमग्न हो गई। कई जगह नालिया चोक होने के कारण जल भराव रहा। बच्चे बारिश में झूम कर नहाते दिखाई पड़े। उधर बारिश रुकी तो पता चला कि विकास भवन स्थित प्रेणना कैंटीन पर रखी 5 कुंतल वजन की गुमटी पर पेड़ गिर गया।
यही नहीं नार्मल कंपाउंड में जहां पेड़ गिरा, वही जिला पंचायत परिसर में पेड़ गिरा। इसी क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज में पेड़ कार पर गिरा और कार डैमेज हो गई। शहर स्थित सूरज टाकीज चौराहे के पास मार्केट का छज्जा कार पर गिरा और कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कोई अन्य अनहोनी नहीं हुई।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 2 जून 2025 को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। वातावरण में नमी का स्तर काफी है।
अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत और न्यूनतम 54 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा दक्षिणी-पश्चिमी दिशा से 5.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रहेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।