कांवेंट को टक्कर दे रहा कंपोजिट विद्यालय मसुरन
साज-सज्जा के साथ पूरे परिसर को फूल पौधों से आकर्षक सजाया गया स्मार्ट क्लास में प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई कर रहे हैं यहां के नौनिहाल।

संवादसूत्र, सुलतानपुर: सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित ही मिलती है। बेसिक शिक्षा परिषद के कंपोजिट विद्यालय मसुरन के सहायक अध्यापक रवि प्रकाश गुप्ता ने इसी सोच को सार्थक करते हुए आज अपने विद्यालय को किसी अच्छे प्राइवेट कांवेंट स्कूल के समकक्ष खड़ा कर दिया है।
अखंडनगर ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय मसुरन में कक्षा एक से आठ तक कुल 454 बच्चे नामांकित हैं। प्रधानाध्यापक समेत 11 शिक्षक तैनात हैं। विद्यालय भवन के मुख्य गेट ही रंग रोगन के साथ लताओं से आकर्षण का केंद्र है। अंदर घुसते ही परिसर में फूल पौधों की क्यारी मन मोह लेती है। विद्यालय भवन की दीवारें गणित, विज्ञान व इतिहास का ज्ञान देती हैं। क्लास में महापुरुषों की तस्वीर और रोचक टीएलएम (टीचर लर्निग मैटेरियल) सजाया गया है।
प्रोजेक्टर पर पढ़ाई कर रहे बच्चे
सहायक अध्यापक रवि प्रकाश गुप्ता को स्टाफ व ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने अपने पैसे से पहले डेस्क बेंच की व्यवस्था की। आज सिक्स लेन बनाने वाली कंपनी ने विद्यालय को प्रोजेक्टर दिया है। इसके पहले भी रवि ने अपने पैसे से यहां पर स्मार्ट टीवी लगाया था। बच्चों का जन्मदिन मनाया जाता है। होली दीपावली पर बच्चों को साथ शिक्षक भी आइसक्रीम जरूर खाते हैं।
विज्ञान व खेल में कमाया नाम:
यहां के बच्चे बीते दिनों विज्ञान प्रदर्शनी में नंबर एक स्थान हासिल किया। खेल में एनपीआरसी और बीआरसी स्तर पर अव्वल आने के बाद जिला स्तर की प्रतियोगिता में खेला था। यहां से कुछ बच्चे मंडल के चयनित हुए हैं। दो बच्चे नवोदय प्रवेश परीक्षा भी पास कर चुके हैं।
ये हैं शिक्षक
सहायक अध्यापक रवि के अलावा प्रधानाध्यापिका अनीता देवी, दिनेश कुमार, अश्वनी कुमार, रत्ना पांडेय, सत्येंद्र कुमार, सर्वेश कुमार, अमरावती देवी, हमीदा खातून, सुनीता देवी, नीलम देवी हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।