भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ग्राम चौपाल आज, पंचायत चुनाव को देंगे धार
सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान करने के साथ भीड़ एकत्र करने की योजना बनाई। भाजपा द्वारा 18 मार्च तक ग्राम चौपाल कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

सुलतानपुर : त्रिस्तरीय पंचायत की तैयारियों को धार देने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जिले में पहुंच रहे है। वह कुड़वार में ग्राम चौपाल को संबोधित करेंगे।
सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान करने के साथ भीड़ एकत्र करने की योजना बनाई। भाजपा द्वारा 18 मार्च तक ग्राम चौपाल कार्यक्रम चलाया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष जिले की सबसे बड़ी ग्राम सभा में चौपाल प्रस्तावित की गई है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, संजय सिंह त्रिलोकचंदी, जिला महामंत्री संदीप सिंह, अखिलेश तिवारी, संजय सिंह सोमवंशी, विजय सिंह रघुवंशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रामेंद्र प्रताप सिंह ने मंच, पंडाल आदि के बारे में जानकारी ली। इसके साथ लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने पर भी चर्चा की गई।
दो दिवसीय होगा कार्यक्रम : जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा ने सोमवार को देर शाम प्रदेश अध्यक्ष का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी किया। प्रदेश अध्यक्ष सुबह 11 बजे जिले के बार्डर ऊंचगांव पहुंचने पर जिलाध्यक्ष की अगुवाई में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह बहमरपुर गांव में बूथ अध्यक्ष मनीष मौर्या के आवास पर बूथ समिति की बैठक लेंगे। दोपहर 12 बजे वह ग्राम चौपाल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। दोपहर ढाई बजे वह बांसी गांव में दलित बस्ती के एक घर में भोजन करेंगे। यहां से निकलने के बाद विभिन्न चौराहों पर उनका स्वागत किया जाएगा। दोपहर साढ़े तीन बजे वह पयागीपुर कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। रात्रि विश्राम पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में करेंगे। बुधवार को कादीपुर के बिजेथुआ धाम दर्शन के लिए जाएंगे। रास्ते में उनका कई बाजारों में स्वागत किया जाएगा। दर्शन के उपरांत वह जौनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।