Sonbhadra News: गढ़वा में हाथियों के झुंड का उत्पात, जनपद में अलर्ट; ग्रामीणों को सता रही इस बात की चिंता
गढ़वा जिले में हाथियों के झुंड द्वारा उत्पात मचाने के बाद सोनभद्र में वन विभाग अलर्ट पर है। छत्तीसगढ़ के जंगलों से भटके हुए लगभग 10 हाथियों के झुंड ने झारखंड के घुरकी प्रखंड के गाँवों में फसलों को नुकसान पहुंचाया है। हाथियों के झुंड में तीन बच्चे भी हैं जिसके कारण वे और भी आक्रामक हो गए हैं। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।
संवाद सूत्र, जागरण विंढमगंज (सोनभद्र)। जनपद सीमा से सटे गढ़वा जिले के गांव में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचा रखा है। हाथियों के उत्पात की सूचना के बाद जनपद में वन विभाग अलर्ट हो गया है।
छत्तीसगढ़ के जंगलों से भटक कर आए करीब 10 हाथियों के झुंड ने झारखंड के गढ़वा जिले के घुरकी प्रखंड के गांव में जमकर उत्पात मचा रखा है। इन दिनों कनहर नदी में बाढ़ आया हुआ है। जिसके कारण हाथियों का यह झुंड झारखंड के सीमावर्ती गांव में ठहर गया है।
छत्तीसगढ़ के हाथियों के झुंड पर वन विभाग पल-पल की जानकारी रख रहा है। हाथियों के इस झुंड में तीन बच्चे भी हैं, जिसके कारण यह काफी आक्रामक हैं। लोगों को देखते ही काफी तेजी से आवाज करते हुए उनकी तरफ दौड़ लगा रहे हैं।
इसके अलावा उनके फसलों को भी नष्ट कर रहे है। विंढमगंज वन रेंज के रेंजर इरफान खान ने बताया कि हाथियों के इस झुंड के साथ बच्चे होने के कारण यह अधिक आक्रामक हैं। उनके हर पल की जानकारी संबंधित क्षेत्र से ली जा रही है। सीमावर्ती गांव के लोगों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
बताया कि शुक्रवार की रात जनपद सीमा से महज चार किलोमीटर दूर झारखंड के कई गांवों में फसल को इन हाथियों ने नुकसान पहुंचा है। बताया कि स्थानीय प्रशासन ने गांव के लोगों को सरकारी स्कूल में सामूहिक रूप से रखे हुए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।