कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर प्रेग्नेंट महिला की दर्दनाक मौत, पति और बेटा घायल
सीतापुर के मोहिउद्दीनपुर गांव में कच्ची दीवार गिरने से एक गर्भवती महिला की मृत्यु हो गई और उसके पति व पुत्र घायल हो गए। रात में सो रहे परिवार पर दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उन्हें निकाला पर महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।

संवाद सूत्र, इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। सदर तहसील के मोहिउद्दीनपुर गांव में शनिवार रात एक घर की कच्ची दीवार ढह गई, जिसके मलबे में परिवार के सदस्य दब गए। मलबा हटाकर जब तक सभी निकाला गया, गर्भवती की मौत हो चुकी थी। वहीं, महिला का पति व बेटा घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी छविनाथ, पत्नी सीमा व पांच वर्षीय पुत्र शोभित के साथ छप्पर के नीचे सो रहे थे। रात एक बजे एकाएक कच्ची दीवार छप्पर समेत ढह गई, जिसके नीचे सभी दब गए। तेज आवाज सुनकर पड़ोस के लोग जाग गए, जिन्होंने शोर मचाया।
ग्रामीण एकत्र हुए और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। लेकिन, जब मलबा हटाया गया तो सीमा की मौत हो चुकी थी। सीमा गर्भवती थीं। वहीं, छविनाथ व शोभित घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर तहसील के लेखपाल दीपक मिश्र ने सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
मजदूरी से चल रहा था परिवार
छविनाथ मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। गांव में पक्का कमरा बना है, वहां उनके माता-पिता रहते हैं। गांव के किनारे जमीन पर छविनाथ ने कच्ची दीवार बनाकर छप्पर डाल रखा था।
अक्सर वह गांव के मकान में ही रहते थे। कभी-कभार यहां चले आते थे। शनिवार को भी वह खाना खाकर पत्नी व बच्चे के साथ छप्पर के नीचे सोने गए थे, जहां रात के समय हादसा हो गया।
कच्ची दीवार गिरने से हादसा हुआ है। महिला की मौत हुई है, पति व बेटा घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है। राजस्व कर्मियों ने घटनास्थल की जांच कर रिपोर्ट दी है। परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। -अतुल सेन सिंह, तहसीलदार सदर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।