यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sitapur: दारोगा और चार सिपाहियों पर दरवाजा तोड़कर घर में लूटपाट करने का आरोप, अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज
Sitapur News अदालत के आदेश पर एक दारोगा चार सिपाही व चार अन्य पर लखीमपुर कोतवाली में लूट का मुकदमा ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, हरगांव (सीतापुर) : अदालत के आदेश पर एक दारोगा, चार सिपाही व चार अन्य पर लखीमपुर कोतवाली में लूट का मुकदमा लिखा गया है। दारोगा और सिपाही हरगांव थाने में तैनात हैं।
लखीमपुर सदर कोतवाली के मोहल्ला कंचनपुर की चंदकली का आरोप है कि 18 मई की रात हरगांव थाने के दारोगा श्यामबाबू सिंह, चार आरक्षियों और चार अन्य लोगों के साथ घर का दरवाजा तोड़कर उनके घर घुस गए थे। उन लोगों ने पहले घर के सामान को तोड़फोड़ा, इसके बाद लूटपाट की।
30 हजार नकद और 60 हजार रुपये के जेवर उठा ले गए। शोर मचाने पर दारोगा और उनके साथ आए लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। डायल 112 और जिलाधिकारी लखीमपुर को फोन करके घटना की जानकारी दी गई, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
अदालत ने दिया मुकदमा लिखने का आदेश
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को रजिस्टर्ड डाक के शिकायती पत्र भेजा, उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने एससी-एसटी कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने आरोपितों पर मुकदमा लिखने का आदेश दिया। अदालत के आदेश पर लखीमपुर नगर कोतवाली में एक दारोगा, चार सिपाही व चार अन्य पर लूट, एससी-एसटी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा लिखा गया है।
सीओ सदर राजू कुमार साव ने कहा-
मुकदमा की जानकारी नहीं है। लखीमपुर पुलिस ने अभी तक एफआइआर की कापी नहीं भेजी है। एफआइआर की कापी मिलते ही आरोपितों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
