सीतापुर को मिला शिक्षा का तोहफा! महोली में बनेगा 25 करोड़ का मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय
सीतापुर के महोली में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेगा। कपसा में आठ एकड़ जमीन चिह्नित की गई है जहाँ प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के बच्चों को आधुनिक शिक्षा मिलेगी। विद्यालय में स्मार्ट क्लास कंप्यूटर लैब और डिजिटल संसाधन होंगे। विधायक शशांक त्रिवेदी के प्रयास से यह संभव हो पाया है जिससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।

जागरण संवाददाता, सीतापुर। महोली में भी मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण होगा। इसके लिए कपसा में आठ एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की तैयारी है। इस विद्यालय के निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कंपोजिट विद्यालय में कक्षा प्री-प्राइमरी से 12 तक के बच्चों को एक ही परिसर में शिक्षा मिलेगी।
मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय महोली की ग्राम पंचायत में कपसा बनेगा। विधायक शशांक त्रिवेदी के प्रयास से यहां सरकारी जमीन चिह्रित की गई है। शिक्षा विभाग ने इसका भौतिक सर्वे भी कर लिया है। राजस्व विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे शासन को भेजा जाएगा।
विद्यालय में प्री प्राइमरी से कक्षा 12 तक की कक्षाएं संचालित होंगी। स्मार्ट क्लास, लैंग्वेज लैब, कंप्यूटर लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। डिजिटल प्लेटफार्म व लर्निंग युक्त संसाधनों की व्यवस्था रहेगी। विद्यालय सीसीकैमरे, सोलर पैनल से लैस होगा। आसपास के परिषदीय विद्यालयों का इसमें युग्मन किया जाएगा। बच्चों को इन विद्यालयों तक लाने व ले जाने के लिए वाहनों की सुविधा भविष्य में उपलब्ध कराने की योजना है।
डिजिटल संसाधनों का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय में 42 आधुनिक क्लास रूम के साथ 1500 बच्चों की पढ़ाई की सुविधा रहेगी। स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर और लैंग्वेज लैब के अलावा रोबोटिक्स व मशीन लर्निंग भी पढ़ाई जाएगी। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की मदद से पढ़ाई होगी। गतिविधियों के लिए बहुउद्देशीय हाल होगा।
मिश्रिख में दूसरी जमीन तलाशने के निर्देश
मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय सबसे पहले परसेंडी के खजुरिया माफी में स्वीकृत हुआ था। वहीं सिधौली के गुलरिया व मिश्रिख के बरेठी में भी जमीन तलाशी जा चुकी हैं। मिश्रिख के बरेठी की जमीन गोमती नदी किनारे होने से इसका प्रस्ताव अटक गया है। यहां दूसरी जगह जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक कंपोजिट विद्यालय की स्थापना कर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा का प्रबंधन करना है।
महोली में मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय के लिए जमीन मिल गई है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। मिश्रिख में मिली जमीन नदी किनारे है। इस कारण दूसरी जमीन देखी जा रही है।
-अखिलेश प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी।
कपसा में मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय के लिए जमीन चिह्रित करवाई है। इस विद्यालय के बनने से बच्चों की स्मार्ट शिक्षा का रास्ता साफ होगा। एक ही जगह प्राइमरी से कक्षा 12 तक की सुविधा मिलेगी।
शशांक त्रिवेदी, विधायक, महोली

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।