यूपी में फिर शुरू होगा सड़क चौड़ीकरण का काम, सीतापुर में 228 करोड़ की लागत से बनेगा फोर लेन मार्ग
नैमिषारण्य के विकास के तहत कल्ली चौराहा-नैमिषारण्य मार्ग को डिवाइडर युक्त फोर लेन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 228 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन क ...और पढ़ें

दुर्गेश द्विवेदी, सीतापुर। नैमिषारण्य के विकास को सरकार की ओर से बहुत कुछ दिया जा चुका है। वहीं, काफी कुछ देने के लिए प्रस्ताव मांगे हैं। इन्हीं में से एक प्रस्ताव नैमिषारण्य से कल्ली चौराहा मार्ग को चौड़ा किए जाने का है। इस मार्ग को डिवाइडर युक्त फोर लेन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 228 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभाग को उम्मीद है कि प्रस्ताव पर शीघ्र ही शासन की मुहर लग जाएगी।
नैमिषारण्य तीर्थ विकास परिषद के गठन के बाद केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से नैमिषारण्य को काशी, मथुरा और अयोध्या की तहर संवारने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए कई कार्य योजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है। चक्रतीर्थ को सुंदर बनाया जा रहा है। तीर्थ कारीडोर पर भी काम चल रहा है। आदि गंगा गोमती के घाटों का कायाकल्प किया जा रहा है।
कल्ली-नैमिषारण्य मार्ग पर बीबीपुर में लखनऊ से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग का निर्माण चल रहा है। इसी क्रम में कल्ली चौराहा से नैमिषारण्य मार्ग को चौड़ा करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 228 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे 12.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को 20 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। मार्ग के मध्य में दो मीटर का डिवाइडर रहेगा।
पुल और पुलिया भी बनेंगी
मार्ग के साथ ही पुल और पुलियों का भी निर्माण कराया जाएगा। इसमें नौ पुल-पुलिया चौड़ी की जाएंगी। इसके अलावा सात का नवनिर्माण होगा। इससे बारिश के समय नैमिषारण्य के आसपास होने वाले जलभराव से निजात मिलेगी और पर्यटकों के लिए सुरक्षित स्थान कराने में सहूलियत मिलेगी।
प्रमुख सचिव के निर्देश पर भेजा गया गया प्रस्ताव
प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम तीन अप्रैल को नैमिषारण्य के भ्रमण पर आए थे। उन्होंने विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण् करके लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नैमिषराण्य-कल्ली मार्ग को चौड़ा किए जाने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे।
अमावस्या की जाम से मिलेगी निजात
नैमिषराण्य हर महीने अमावस्या को मेला लगता है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदोें के साथ ही गैरप्रांतों के श्रद्धालु भी आते हैं। अधिकांश श्रद्धालु अयोध्या से रामलला के दर्शन करने बाद वाया सिधौली-कल्ली चौराहा मार्ग से नैमिषारण्य पहुंचते हैं। ऐसे में में कल्ली चौराहा-नैमिषारण्य मार्ग पर जाम लग जाती है। चार लेने मार्ग बनने के बाद जाम की समस्या से छुटकारा मिला जाएगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन के निर्देश पर 228 करोड़ रुपये प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे कल्ली चौराहा-नैमिषराण्य मार्ग को 20 मीटर चौड़ा किया जाएगा। डिवाइडर भी बनेगा। स्वीकृति मिलते ही मार्ग को चौड़ा करने का कार्य शुरू हो जाएगा। -सिद्धांत सेंगर, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।