प्रगति रिपोर्ट में नाम व फोन नंबर, फिर भी वरिष्ठजन बेखबर
अमृत सरोवर की प्रगति रिपोर्ट में दर्ज है गांव के चयनित वरिष्ठजन का पूरा विवरण। ...और पढ़ें

सीतापुर : अमृत सरोवर के भूमि पूजन आदि में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवारजन एवं अन्य वरिष्ठ नागरिकों को विशेष तौर पर आमंत्रित करना है। ऐसे लोगों का चयन तो हो गया है। लेकिन, उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं है।
कसमंडा ब्लाक में चार तालाबों का चयन अमृत सरोवर के लिए हुआ है। इनमें हमीरपुर, खैरनदेश नगर, जयरामपुर व फूलपुर शामिल हैं। हमीरपुर में पूर्व सैनिक गोविंद प्रसाद पांडेय का नाम व मोबाइल फोन नंबर अंकित है। संपर्क करने पर उनके बेटे रिकू पांडेय ने बताया कि वह मजरा कुसमौरा में रहते हैं। पिता गोविंद प्रसाद पांडेय 70 साल के हैं। रिकू ने कहा कि उन्हें नहीं पता किसने पिता का नाम व मोबाइल फोन नंबर लिखा। हमारे गांव के किस तालाब का चयन अमृत सरोवर के लिए हुआ है, यह भी पता नहीं है।
मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा ने बताया कि जिन वरिष्ठजन का चयन गांव के तालाबों को अमृत सरोवर कार्य शुभारंभ में भूमि पूजन आदि के लिए हुआ है, वे बेखबर हैं। ऐसा कैसे हो सकता है। संबंधित अधिकारियों से इस बारे में बात करते हैं।
पहले हम थे, अब बहू है प्रधान :
बिसवां के सरवाहनपुर के रामेश्वर दयाल से संपर्क किया गया। वह भी अपने गांव के चयनित तालाब के बारे में कुछ नहीं बता पाए। उन्होंने कहा कि वह लखनऊ में हैं। वर्तमान में उनकी बहू शांति देवी प्रधान हैं। वैसे 2005 से 2010 तक रामेश्वर दयाल खुद प्रधान रह चुके हैं।
स्टीमेट बना, भूमि पूजन न ही काम हुआ शुरू :
गोंदलामऊ के उत्तरधौना में भी तालाब का चयन हुआ है। राम गोपाल त्रिपाठी का नाम सूची में है। उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो संजय त्रिपाठी ने काल रिसीव की। उन्होंने बताया कि राम गोपाल त्रिपाठी उनके परिवार के हैं। उनका आजादी से पूर्व का जन्म है। संजय त्रिपाठी ने बताया कि वह बीडीसी हैं, जबकि उनकी पत्नी साधना त्रिपाठी प्रधान हैं। चयनित बड़ा तालाब गांव की उत्तर दिशा में मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर स्थित है। संजय ने बताया कि तालाब को अमृत सरोवर बनाने के लिए 20-25 दिन पहले स्टीमेट बना था, जो कि 21 लाख 2,438 रुपये का है। इसमें मनरेगा से 6.74 लाख रुपये खर्च होने हैं, जबकि 14.27 लाख 500 रुपये राज्य वित्त से खर्च होंगे। तालाब पर काम शुरू नहीं हुआ है। भूमि पूजन भी नहीं हुआ है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।