एक लाख 51 हजार दीपों से जगमगाया नैमिषारण्य, अयोध्या जैसी दिखी छटा, पहली बार हुआ लेजर शो
धनतेरस पर नैमिषारण्य 1.51 लाख दीपों से जगमगा उठा, जिसने अयोध्या के दीपोत्सव जैसी भव्य छटा बिखेरी।

दीपोत्सव व लेजर लाइट से जगमग नैमिषारण्य का चक्रतीर्थ। जागरण
HighLights
नैमिषारण्य 1.51 लाख दीपों से जगमगाया, अयोध्या जैसी छटा।
चक्रतीर्थ परिसर में पहली बार शानदार लेजर शो का आयोजन।
800 कर्मियों ने संभाली व्यवस्था, श्रद्धालुओं ने भी दीप जलाए।
जागरण संवाददाता, सीतापुर। धनतेरस की शाम अष्टम वैकुंठ तीर्थ नैमिषारण्य 1.51 लाख दीपों से जगमगा उठा। चक्रतीर्थ परिसर से मां ललिता देवी मंदिर और पंचप्रयाग तीर्थ तक दीपों की रोशनी ने अयोध्या के दीपोत्सव जैसी छटा बिखेरी। मंदिरों की सजावट, फूलों से सजे स्वागत द्वार और दीपों से बनी धार्मिक आकृतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
आयोजन की व्यवस्था जिले के सभी ब्लाकों से आए करीब 800 कर्मचारियों ने संभाली। स्थानीय लोगों ने भी दीप प्रज्ज्वलन में हिस्सा लिया। सनातन ऋषि सत्संग महाआरती सेवा समिति की ओर से विशेष अष्टकोणीय महाआरती हुई। समिति के संरक्षक महंत राजनारायण पांडेय के सानिध्य में सचिन शास्त्री सहित आचार्यों ने करीब 40 मिनट तक आरती की।
इसमें संत-महंत, विद्यार्थी, अधिकारी और श्रद्धालु शामिल हुए। चक्रतीर्थ परिसर में पहली बार हुए लेजर शो में 88 हजार ऋषि-मुनियों की प्रार्थना पर ब्रह्मा जी के मन से चक्र के प्रकट होने और नैमिष तीर्थ की उत्पत्ति की कथा दिखाई गई। इसके बाद मां ललिता देवी की महिमा और भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित संक्षिप्त रामकथा प्रदर्शित की गई।
चक्रतीर्थ प्रवेश द्वार पर छात्राओं ने रामायण प्रसंगों पर रंगोलियां बनाईं। दीपों से जय श्रीराम, शुभ दीपावली, स्वास्तिक और ऊ की आकृतियां भी सजाई गईं।
इससे पूर्व विधायक रामकृष्ण भार्गव, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र ने दीप प्रज्जवलन से शुभारंभ किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय भार्गव, मुख्य विकास अधिकारी डा. दीक्षा जोशी, एसडीएम दीपक गुप्ता, तहसीलदार शरदेंदु सिंह, मोहित शुक्ल आदि उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।