विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर में धनतेरस पर बरसा धन, रुई से लेकर गाड़ियों तक 500 करोड़ के पार पहुंचा कारोबार

Published: Sat, 07 Nov 2026 12:30 PM (GMT+05:30)

सीतापुर में धनतेरस पर बाजार में भारी भीड़ उमड़ी, जहां पूजन सामग्री से लेकर वाहनों तक 500 करोड़ रुपये से ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. सीतापुर में धनतेरस पर 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार।

  2. आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार में हुई भारी बिक्री।

  3. इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।

संवाद सूत्र, सीतापुर। भइया...पांच रुपये की रुई देना। एक जोड़ी लक्ष्मी चरण भी रख दो। अरे मम्मी, सबसे जरूरी झाड़ू तो रह ही गई है। भइया, 69 किलोवाट पावर पैक वाली कार ले लो रेंज एंग्जाइटी छूमंतर हो जाएगी। धनतेरस पर बाजार में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पूजन सामग्री और घरेलू जरूरतों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। कार व दोपहिया वाहनों के शोरूम में बुकिंग और डिलीवरी का सिलसिला चलता रहा।

पांच रुपये की रुई से लेकर लाखों रुपये के वाहनों तक बाजार में खूब धनवर्षा हुई। कारोबारियों के मुताबिक आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रानिक्स और बर्तन समेत अन्य कारोबार का आंकड़ा 500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।

धनतेरस पर सुबह से ही बाजारों में रौनक दिखने लगी। दिन चढ़ने के साथ ग्राहकों की भीड़ बढ़ती गई। मुख्य बाजार, लालबाग, घंटाघर, आंख अस्पताल रोड समेत मूहमूदाबाद, बिसवां, सिधौली, लहरपुर, मछरेहटा, पिसवां, महोली आदि कस्बों में देर शाम तक चहल-पहल बनी रही।

पूजन सामग्री की दुकानों पर रुई, दीपक, खील-बतासे, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, लक्ष्मी चरण और झाड़ू की खूब बिक्री हुई। पांच और दस रुपये की छोटी खरीदारी से लेकर हजारों रुपये के सामान तक ग्राहकों ने अपनी जेब के अनुसार खरीदारी की।

सराफा बाजार में बिखरी चमक
सराफा बाजार में भी खूब चमक बिखरी। सोने-चांदी के सिक्कों, आभूषणों और चांदी के बर्तनों की मांग रही। नथ, बाला, बुंदा, चेन, अंगूठी के साथ ही चांदी की डिब्बी, गिलास, मछली, हाथी आदि भी लोग की पसंद बने। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश रस्तोगी ने बताया कि दो करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। बताया, महंगाई के चलते हल्के और आकर्षक जेवरात बिके हैं।

एक करोड़ से अधिक के बिक गए बर्तन व उपकरण
बर्तन बाजार में स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की खरीदारी हुई। इलेक्ट्रानिक्स दुकानों पर टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य उपकरणों के लिए ग्राहक पहुंचे। सर्दी को मौसम की आहट के चलते गीजर, रूम हीटर आदि की बिक्री में उछाल देखा गया। सजावटी सामग्री में लेजर लाइट, झालर, इलेक्ट्रिक फ्लावर, झूमर आदि लोगों की पसंद बने।

400 दो पहिया तो 100 से अधिक बिकीं कार
वाहनों के बाजार में भी उत्साह रहा। दोपहिया वाहनों के साथ कारों की खरीदारी और डिलीवरी का दौर चला। इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर ग्राहकों का रुझान ज्यादा दिखा। कारों में तो ब्रांड चला, लेकिन दो पहिया इलेक्ट्रिक में लोकल फार वोकल हावी रहा। स्थानीय कंपनियों की स्कूटी जमकर बिकीं। दो पहिया विक्रेता संघ के अध्यक्ष अनमोल अग्रवाल ने बताया कि इस बार 60-40 के अनुपात में दो पहिया की बिक्री हुई।

40 प्रतिशत ग्राहकों ने इलेक्ट्रिक को तरजीह दी, जोकि पिछले वर्ष से 10 प्रतिशत से अधिक है। एसोसिएशन फार फोर व्हीलर शोरूम के अध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि सीएनजी के प्रति ग्राहकों का रुझान ज्यादा रहा है। इसके बाद ईवी पसंद बनी।

यह भी पढ़ें- सीतापुर में खेत और तालाब में मिले दो मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत का माहौल



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।