पहली बारिश में खिले किसानों के चेहरे, खेतों में बढ़ी हलचल
तेज धूप के कारण गन्ना आदि फसलें सूख रही थीं। धान फसल के लिए बोई गई पौध भी सूख रही थी। पहली बारिश से सिचाई के लिए खर्च होने वाला पैसा बच गया है।

सीतापुर : वर्षाकाल प्रारंभ होने के बाद गुरुवार भोर में जिले में जमकर बारिश हुई। इस पहली बार से ही किसानों के चेहरे खिल गए हैं। खेतों में चहल-पहल बढ़ गई है। धान फसल की रोपाई का काम भी शुरू हो गया है। किसानों ने कहा, बारिश से उनके खेतों में लगी गन्ना व अन्य फसलें लहलहा उठी हैं।
इधर, काफी दिनों से बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण गन्ना आदि फसलें सूख रही थीं। धान फसल के लिए बोई गई पौध भी सूख रही थी। पहली बारिश से सिचाई के लिए खर्च होने वाला पैसा बच गया है। खैराबाद दहेलिया श्रीरंग के निसार अहमद अपने खेत पर सुबह ही पहुंच गए थे। धान की पौध खोद कर उसकी रोपाई में लगे थे। निसार अहमद ने कहा कि गन्ना फसल सूख रही थी, जो कि लहलहा उठी है। धान पौध की रोपाई का समय निकल रहा था लेकिन, अब समय से ही धान पौध की रोपाई हो जाएगी। औद्यानिक फसलों को भी बारिश से काफी लाभ हुआ है। इसी गांव के बुद्धा ने बताया कि बारिश के बाद से उन्होंने भी धान पौध की रोपाई कराने की तैयारी में हैं। बुद्धा ने बताया कि गन्ना फसल सूख रही थी, अब उसमें सिचाई नहीं करनी पड़ेगी।
इस बावत जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार ने बताया कि इस बारिश से फसल को काफी लाभ हुआ है। खरीफ फसलों में जैसे धान की रोपाई तेजी से शुरू हो गई है। बिजली गुल होने से पेयजल की किल्लत
सीतापुर : बारिश होने से जहां लोगों को गर्मी से निजात मिली, वहीं बिजली कटौती से समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में तो लोगों को पेयजल के लिए तरसना पड़ा। दरअसल, बुधवार रात बारिश शुरू होते ही आधे शहर की बिजली गुल हो गई।
सबसे ज्यादा परेशानी भवानीपुर फीडर क्षेत्र के लगभग 20 मुहल्लों के उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ी। शहर के श्यामनाथ, मुंशीगंज, तरीनपुर, गुप्ता कालोनी, कोट, चौबे टोला, कजियारा, पूर्णागिरि नगर, माधव नगर, केशव ग्रीन सिटी, वृंदावन धाम, गोशाला, खूबपुर, विकास नगर, श्रीनगर में बिजली रात 12 बजे गुल हो गई थी, जो कि गुरुवार की दोपहर 12 बजे बहाल हुई।
पूरे बारह घंटे की बिजली कटौती के कारण गुरुवार को दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई। पेयजल संकट गहराने से लोगों को परेशान होना पड़ा। एसडीओ भवानीपुर उपकेंद्र हिमांशु पटेल ने बताया कि फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे सुबह बारिश थमते ही दुरुस्त करा दिया गया।
33 केवी में फाल्ट के करण गुल रही बिजली
पिसावां : बुधवार देर रात छैलिया गांव में 33 हजार केवी की लाइन के उपकरण जलने से बिजली गुल हो गई। इससे क्षेत्र के करीब सौ गांवों के उपभोक्ता परेशान रहे। जेई लक्ष्मी नारायण ने बताया कि उपकेंद्र पर आने वाली 33 हजार केवी लाइन में बारिश के कारण गड़बड़ी आ गई थी। उन्होंने बताया शाम तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास हो रहा है।
ट्रिपिग भी रही जारी :
गुरुवार दोपहर बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन उसके बाद भी ट्रिपिग जारी रही। इससे कामकाज पर भी प्रभाव पड़ा। वहीं, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी इसका असर दिखा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।