Sitapur News: पोर्टल अपडेट होने से फंसा 1768 NHM कर्मियों का वेतन, समाधान न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी
सीतापुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के करीब 1768 कर्मचारियों को अगस्त का मानदेय नहीं मिला है जिससे वे परेशान हैं। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल अपडेट होने के कारण तकनीकी समस्या आई है। कर्मचारियों के बजट पर असर पड़ा है और उन्होंने विरोध की चेतावनी दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।

संवाद सूत्र, सीतापुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के करीब 1768 कर्मियों काे अगस्त माह का मानदेय नहीं मिल सका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाया गया पोर्टल अपडेट होने के चलते तकनीक समस्या के चलते कर्मियों का मानदेय रुक गया है।
मानदेय न मिलने के कारण एनएचएम के तहत नियुक्त किए गए चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एएनएम, स्टाफ नर्स, नेत्र सहायक, फिजियोथैरेपिस्ट, डेंटल सहायक, लैब टेक्नीशियन समेत विभाग के समस्त कर्मचारी परेशान हैं।
मानदेय न मिलने के कारण कर्मियों का बजट भी गड़बड़ा गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राष्ट्रीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष अनुज तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि मानदेय न मिलने से दैनिक कार्य की जरूरत भी नहीं पूरी हो पा रही है।
वेतन न मिलने को लेकर संगठन के जिलाध्यक्ष पीयूष बाजपेयी को जानकारी दी गई है। जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो विरोध-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
वहीं, संगठन के जिलाध्यक्ष पीयूष वाजपेयी ने बताया कि मानदेय न मिलने को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार को जानकारी दी गई है।
उन्होंने जल्द ही मानदेय जारी किए जाने का भरोसा भी दिया है, मानदेय नहीं मिला तो जिले के समस्त कर्मियों के साथ बैठकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
पोर्टल अपडेट के चलते मानदेय भुगतान में कुछ समस्या आई है। जल्द ही इसका निस्तारण कराकर कर्मियों का मानदेय जारी किया जाएगा। -डॉ. सुरेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।
फैक्ट फाइल
- 150- संविदा चिकित्सक
- 350- कम्युनिटी हेल्थ आफीसर
- 480- एएनएम
- 230- स्टाफ नर्स
- 520- पैरा मेडिकल स्टाफ
- 38- काउंसलर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।