सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
सीतापुर : बुधवार की रात के कोहरे का असर गुरुवार को भी नजर आया। दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। घ ...और पढ़ें

सीतापुर : बुधवार की रात के कोहरे का असर गुरुवार को भी नजर आया। दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। घने कोहरे के चलते गुरुवार को समूचा जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। सुबह का मौसम देखकर हर किसी की कंपकंपी छूटने लगी। दोपहर को कोहरे की चादर चीरकर सूर्यदेव ने दर्शन जरूर दिए, लेकिन उनकी तपिश से ठंड में कोई बदलाव नहीं आ सका। धीमी गति से चलने वाली ठंडी हवा के चलते लोग दिन भर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे।
ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। चाय की दुकानों पर लोग समूह में चाय की चुस्की का लुत्फ लेते रहे। दोपहर को सूर्यदेव के दर्शन हुए जरूर, लेकिन वह लोगों की ठंड को दूर नहीं कर सके। स्कूलों की बसें जो शहर की सड़कों पर फर्राटें से दौड़ती नजर आती थीं, कोहरा छाए रहने से उनकी गति बेहद धीमी रही। घने कोहरे के चलते हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों को कोहरे से आवाजाही में परेशानी हुई। वाहन चालकों को सुबह कोहरे के कारण अपने वाहनों की हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। दोपहर को जब गुनगुनी धूप निकली तो जन जीवन सामान्य होता नजर आया, लेकिन दोपहर को धूप में गर्मी न होने से लोगों से ठंड से राहत नहीं मिल सकी। घने कोहरे और ठंड के चलते लोग देर सुबह तक बिस्तर में घुसे रहे। जगह-जगह चौराहों पर लोग अलावा तापते नजर आए। सुबह कोहरा छाए रहने से बाजार मे भी सूनापन दिखाई दिया। धूप निकलने के बाद ही बाजार में खरीदारी का दौर चला।
गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में नमी (आद्रता) 60 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन में दक्षिणी दिशा से तीन किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।