विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Siddharthnagar News: दबंगों ने तीन युवकों को निर्वस्त्र कर बिजली के खंभे से बांधकर पीटा, मूत्र पिलाया; वीड‍ियो वायरल

Published: Tue, 19 Aug 2025 04:58 PM (IST)

जन्माष्टमी के मौके पर मामूली बहस ने एक भयावह रूप ले लिया। दबंगों ने तीन युवकों को पकड़कर न केवल ...और पढ़ें

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप।

HighLights

  1. जन्माष्टमी के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर तीनों से हुई थी बहस
  2. मुकदमा दर्ज करने की त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने पीड़ितों को थाने से लौटाया

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जन्माष्टमी के मौके पर मामूली बहस ने एक भयावह रूप ले लिया। दबंगों ने तीन युवकों को पकड़कर न केवल कपड़े उतरवाए, बल्कि उन्हें बिजली के खंभे से बांधकर घंटों तक बेल्ट और लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जबरन मूत्र भी पिलाया गया। पीड़ितों में एक 15 वर्षीय किशोर भी शामिल है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद हड़कंप मच गया है।

मामला त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव का है। डुमरियागंज के केदारनाथ कालोनी निवासी आयुष मिश्रा अपने दो दोस्तों, जिनमें एक किशोर भी शामिल था, के साथ जन्माष्टमी की रात चाचा के घर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां डीजे पर नाच-गाने के दौरान गांव के ही इंद्रेश, अनूप, चंदन, सचिन और तुषार पांडेय से कहासुनी हो गई। मामला वहीं शांत हो सकता था, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने इसे बहाना बनाकर तीनों युवकों को निशाना बनाया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपितों ने तीनों को पकड़कर कपड़े उतरवा दिए और बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। उनके शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं। मारपीट के दौरान आयुष की सोने की चेन छीन ली गई और स्कूटी को तोड़कर नाले में फेंक दिया गया। परिवार का दावा है कि आरोपितों ने क्रूरता की सारी सीमाएं पार करते हुए नाबालिग समेत तीनों को जबरन मूत्र तक पिलाया। घटना के दौरान गांव वाले मौके पर मौजूद थे, मगर किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं की।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपितों की स्थानीय स्तर पर गहरी पकड़ है और पुलिस तक उनकी पहुंच बताई जाती है। पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के अगले दिन 17 अगस्त को वे त्रिलोकपुर थाने पहुंचे। लेकिन थाना प्रभारी ने मामला दर्ज करने से साफ इंकार कर दिया और उल्टा उन्हें डांटकर भगा दिया। कहा कि यह मामूली झगड़ा है। इस रवैये से आहत स्वजन ने आरोपितों की गिरफ्तारी और थाना प्रभारी के निलंबन की मांग की है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है। प्रसारित वीडियो में तीन युवक रस्सियों से बंधे नजर आ रहे हैं। हालांकि दैनिक जागरण वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्याय की गुहार लेकर मुख्यमंत्री तक जाएंगे।

प्रसारित वीडियो सामने आया है और आरोप गंभीर हैं। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- प्रशांत कुमार प्रसाद,  अपर पुलिस अधीक्षक, सिद्धार्थनगर