होटल मेन्यू में शामिल होगा सिद्धार्थनगर का कालानमक चावल, वैश्विक पहचान के लिए इरी की नई पहल
सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र (इरी) ने नई पहल की है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
काला नमक चावल को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल।
महानगरों के होटलों में शामिल होंगे इसके व्यंजन।
इरी वाराणसी ने तैयार की है यह कार्ययोजना।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) में चयनित कालानमक चावल को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए नई पहल शुरू हुई है। अपनी विशिष्ट सुगंध, स्वाद और पौष्टिकता के लिए पहचाने जाने वाले इस चावल को बासमती की तर्ज पर लोकप्रिय बनाने की तैयारी है।
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र (इरी), वाराणसी के विज्ञानियों ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार की है। इस संबंध में सिद्धार्थनगर के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दो दौर की वार्ता हो चुकी है।
योजना के तहत महानगरों के होटलों और रेस्टोरेंट के मेन्यू में काला नमक चावल से बने व्यंजन शामिल कराने पर जोर है। इरी के विज्ञानी प्रशासन के सहयोग से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संपर्क करेंगे। उन्हें चावल की खूबियों और इससे बनने वाले व्यंजनों की जानकारी दी जाएगी। गुणवत्तायुक्त चावल उपलब्ध कराने में भी संचालकों की मदद की जाएगी।
होटलों में काला नमक से बने उत्पाद रखने की योजना
कार्ययोजना में काला नमक चावल के प्रसंस्कृत उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की पहल भी शामिल है। होटलों और रेस्टोरेंट में इसके आटे से बनी कुकीज, बिस्कुट और अन्य खाद्य सामग्री प्रदर्शित कराने की योजना है। इससे चावल के उपयोग का दायरा बढ़ेगा और किसानों व उत्पादकों के लिए नए बाजार खुलने की संभावना है।
कालानमक चावल को व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन के समन्वय से इसे होटलों और रेस्टोरेंट के मेन्यू में शामिल कराया जाएगा। इसकी विशेषताओं और इससे बनने वाले व्यंजनों की जानकारी भी दी जाएगी।
-डाॅ. सौरभ बदोनी, विज्ञानी, अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र, वाराणसी
यह भी पढ़ें- बस्ती के विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों के रोमांचक मुकाबले, मेवा और रविशंकर का जलवा, दर्शकों में आनंद
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में पहली बार त्रिपुरा के कारीगर तैयार करेंगे चीवर, चकमा बुद्ध विहार में कठिन चीवर दान समारोह