विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती के विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों के रोमांचक मुकाबले, मेवा और रविशंकर का जलवा, दर्शकों में आनंद

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:34 PM (IST)

कप्तानगंज, बस्ती में आयोजित दो दिवसीय विराट कुश्ती दंगल में नेपाल के मेवा थापा और अयोध्या के रविशंकर दास ने शानदार प्रदर्शन किया।

कप्तानगंज के नकटीदेई में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में हरियाणा व नेपाल के पहलवानों से हाथ मिलाकर कुश्ती करवातीं भाजपा नेत्री डाॅ. ममता पांडेय। जागरण

कप्तानगंज के नकटीदेई में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में हरियाणा व नेपाल के पहलवानों से हाथ मिलाकर कुश्ती करवातीं भाजपा नेत्री डाॅ. ममता पांडेय। जागरण

HighLights

  1. कप्तानगंज, बस्ती में दो दिवसीय विराट कुश्ती दंगल आयोजित।

  2. नेपाल के मेवा थापा, अयोध्या के रविशंकर दास ने जीते मुकाबले।

  3. हजारों दर्शकों ने रोमांचक कुश्ती का भरपूर आनंद लिया।

जागरण संवाददाता, बस्ती। कप्तानगंज कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय के बगल आयोजित दो दिवसीय विराट कुश्ती दंगल के दूसरे दिन रविवार को 21 जोड़ी पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

दंगल के शुरुआती मुकाबले में नेपाल के मेवा थापा ने राजस्थान के बादल पहलवान को पटखनी दी। जम्मू के भूरा पहलवान ने राजस्थान के बिल्ला पहलवान को चित किया। अयोध्या के बाबा रविशंकर दास ने पंजाब के अंगद पहलवान को हराया।

कोल्हापुर के नकाबपोश पहलवान ने बांदा-हमीरपुर के घनघोर घटा पहलवान को शिकस्त दी। इसके बाद बाबा रविशंकर दास ने नकाबपोश पहलवान को भी पराजित कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। नेपाल के लकी थापा ने हरियाणा के विक्की पहलवान को पटका।

बस्ती के सुखराम पहलवान ने दिल्ली के मोहसिन पहलवान को हराया। वहीं, जम्मू के भूरा पहलवान ने बहराइच के नागेंद्र पहलवान को चित किया। सहारनपुर के साहिल पहलवान और नेपाल के लकी थापा ने भी अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।

कई मुकाबले बराबरी पर छूटे

दंगल में कई मुकाबले बराबरी पर छूटे। इनमें दिल्ली के मोहसिन और राजस्थान के लाला कसाई, पंजाब के विक्की और सहारनपुर के साहिल तथा बहराइच के नागेंद्र और पंजाब के मोनू पहलवान के बीच कुश्ती शामिल रही।

दंगल का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। क्षेत्रीय विधायक कविंद्र चौधरी अतुल, भाजपा नेत्री डा. ममता पांडेय और मंजेश पटवा ने भी पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। रेफरी की भूमिका मुन्ना टाइगर ने निभाई, जबकि संचालन मोहम्मद करीम ने किया।

आयोजक सभासद धनपत सिंह ने अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर गौरव मणि त्रिपाठी, जयप्रकाश सोनी, कपिल देव चौधरी, एजाज अहमद उर्फ बन्ने, गोपीनाथ मिश्रा, राजकुमार गुप्ता, संजय चौधरी, दुर्गा गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, रामबरन शर्मा, सुनील कसौधन और सत्य साहब सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- मिठौरा के विराट दंगल में गुड्डू ने थापा नेपाली को हराया, दूर-दराज के पहलवानों ने भी दिखाया दमखम

यह भी पढ़ें- कप्तानगंज कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाए शानदार दांव-पेच, भूरा गनी समेत कई ने मारी बाजी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।