विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कप्तानगंज कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाए शानदार दांव-पेच, भूरा गनी समेत कई ने मारी बाजी

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:58 PM (IST)

बस्ती के कप्तानगंज में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल में देश-विदेश के पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बस्ती। कप्तानगंज कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय के बगल में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का शुभारंभ शनिवार को हुआ। दंगल में देश के विभिन्न राज्यों और नेपाल से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित किया।

मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी ने राजस्थान के गंगानगर के पहलवान लाला कसाई और जम्मू के भूरा गनी का हाथ मिलवाकर मुकाबले का शुभारंभ कराया। रोमांचक मुकाबले में भूरा गनी ने लाला कसाई को पटखनी देकर जीत दर्ज की।

इसके बाद सहारनपुर के साहिल और दिल्ली के मोहसिन के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। हमीरपुर के घनघोर घटा को हरिद्वार के मनसब ने चित कर दिया। वहीं, पंजाब के विक्की और नेपाल के लकी थापा के बीच कांटे की टक्कर हुई, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। शामली के छोटा चीता को पंजाब के अंगद ने शानदार दांव लगाकर पटखनी दी।

अन्य मुकाबलों में राजस्थान के लाला कसाई ने सहारनपुर के साहिल को चित किया। अयोध्या के रविशंकर ने पंजाब के मोनू को हराया, जबकि बस्ती के आशीष मेहनौना ने हरियाणा के कबीर को पटखनी देकर जीत हासिल की।

पंजाब के अंगद ने बांदा के घनघोर को चित किया। नेपाल के लकी थापा ने राजस्थान के लाला कसाई को हराया। वहीं, बहराइच के नागेंद्र यादव ने शामली के छोटा चीता को पटखनी दी। दंगल में कई अन्य पहलवानों के बीच भी रोमांचक मुकाबले हुए, जो बराबरी पर छूटे।

इस दौरान जयप्रकाश सोनी, कपिल देव चौधरी, गौरव मणि त्रिपाठी, गोपीनाथ मिश्रा, राजकुमार कसौधन और एजाज अहमद सहित बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद करीम ने किया। आयोजक धनपत सिंह ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें- फुर्सतपुर दंगल मेले में पहलवानों का जोरदार प्रदर्शन, घनघोर घटा और रिजवान गनी के बीच चला रोमांचक मुकाबला

यह भी पढ़ें- पथरदेवा दंगल: गाजीपुर और आगरा के पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबला, महिला पहलवानों ने भी जीता दिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।