पथरदेवा दंगल: गाजीपुर और आगरा के पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबला, महिला पहलवानों ने भी जीता दिल
देवरिया के पथरदेवा स्थित तिरमासाहुन में आयोजित कुश्ती दंगल में तीन दर्जन से अधिक पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए, जिसमें गाजीपुर और आगरा के पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।

कुश्ती प्रतियोगिता में अखाड़े पर पहलवानों का हाथ मिलवाते ब्लाक प्रमुख शाही व अजय शाही। जागरण
HighLights
पथरदेवा में कुश्ती दंगल का सफल आयोजन हुआ।
गाजीपुर-आगरा के पहलवानों ने रोमांचक मुकाबला किया।
दो जोड़ी महिला पहलवानों ने भी दमखम दिखाया।
जागरण संवाददाता, देवरिया। ग्रामीण अंचल में पारंपरिक खेल संस्कृति की जीवंत तस्वीर रविवार को तिरमासाहुन स्थित हनुमान चौंतरा पर देखने को मिली। यहां आयोजित कुश्ती दंगल में तीन दर्जन से अधिक पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेच और शारीरिक दमखम का प्रदर्शन किया।
खास बात रही कि दो जोड़ी महिला पहलवानों ने भी कुश्ती लड़कर अपनी प्रतिभा दिखाई। गाजीपुर के पहलवान नितेश और आगरा के पहलवान गौरव के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ
मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख सुब्रत शाही ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ कराया। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। युवाओं को खेलों से जुड़कर अनुशासन, मेहनत और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करनी चाहिए।
सांस्कृतिक विरासत को संजोने का सराहनीय प्रयास
पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अजय शाही ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सांस्कृतिक विरासत को संजोने का सराहनीय प्रयास है।
आयोजक ग्राम प्रधान रामाश्रय कुशवाहा और राजेंद्र यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन रवींद्र कुशवाहा ने किया, जबकि केदार यादव और कैलाश यादव ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस दौरान नगर पंचायत पथरदेवा के चेयरमैन कमलेश सिंह क्रांति, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश शाही जीपू, भीम यादव, विनोद सिंह कुशवाहा आदि मौजूद रहे।