सिद्धार्थनगर में गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग पर किसानों का प्रदर्शन, मिल प्रबंधन ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
सिद्धार्थनगर में किसान गन्ना मूल्य ₹650 प्रति क्विंटल करने और लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क माफ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे बनकटी क्रय केंद्र पर खरीद बाधित हुई। मिल प्रबंधन ने किसान यूनियन के नेता समेत कई लोगों के खिलाफ भवानीगंज थाने में गन्ना खरीद में बाधा डालने और कर्मचारियों को धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है।

किसानों व मिल के अधिकारियों का भवानीगंज थाने पर लगा जमावड़ा जागरण
HighLights
गन्ना मूल्य ₹650 प्रति क्विंटल करने की मांग।
किसानों ने लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क माफ करने की अपील की।
मिल प्रबंधन ने किसान नेताओं पर शिकायत दर्ज कराई।
संवाद सूत्र, भवानीगंज। गन्ना मूल्य बढ़ाने और लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क माफ करने की मांग को लेकर किसानों का विरोध अब थाने तक पहुंच गया है। गोंडा जिले की बभनान चीनी मिल के क्रय केंद्र संख्या 321 बनकटी पर शुक्रवार को हुए प्रदर्शन के बाद मिल प्रबंधन ने किसान यूनियन के नेता समेत कई लोगों के खिलाफ भवानीगंज थाने में दो तहरीर दी हैं। प्रबंधन ने गन्ना खरीद में बाधा डालने, किसानों को आपूर्ति से रोकने और अधिकारियों-कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगाया है।
किसानों की मांग है कि गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 650 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। साथ ही लोडिंग-अनलोडिंग का शुल्क समाप्त किया जाए। इन्हीं मांगों को लेकर किसानों ने बनकटी क्रय केंद्र पर प्रदर्शन करते हुए गन्ने की तौल रुकवा दी थी। इससे केंद्र पर खरीद व्यवस्था प्रभावित हुई।
बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की बभनान इकाई के मुख्य महाप्रबंधक सुधीर सिंह ने 20 नवंबर को थानाध्यक्ष भवानीगंज को दिए पत्र में बताया है कि पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ 20 नवंबर से हो चुका है। इसके लिए सभी क्रय केंद्रों पर 19 नवंबर से गन्ना खरीद के लिए आपूर्ति पर्चियां जारी की गई थीं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बनकटी क्रय केंद्र पर किसान यूनियन के नेता सालिकराम पुत्र दुलारे वर्मा कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। वे किसानों को चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने से रोक रहे हैं। साथ ही मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाकर कामकाज बाधित कर रहे हैं। प्रबंधन ने इंटरनेट माध्यमों पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने का आरोप भी लगाया है।
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल के बीच व्यापार और बिजली कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, बालेन शाह के दौरे से सीमावर्ती जिलों को होगा लाभ
तहरीर में रामकिशन, रामसंजीवन, अरुण कुमार, इंद्रजीत और सत्यराम चौहान समेत अन्य लोगों के नाम भी दर्ज हैं। मुख्य महाप्रबंधक ने आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए गन्ना खरीद व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।