पूर्वांचल में बढ़ेगी ठंड, 'अकवान' तूफान ला सकता है मौसम में बड़ा बदलाव
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव 21-22 नवंबर को पूर्वांचल के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रातें सर्द हो रही हैं।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
चक्रवाती तूफान अकवान का पूर्वांचल पर 21-22 नवंबर को असर संभव।
तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंड में बढ़ोतरी के आसार।
पश्चिमी विक्षोभ के बाद ठंडी हवाओं से रातें हुईं सर्द।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जिले में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रातें सर्द होने लगी हैं, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव आगामी 21-22 नवंबर को पूर्वांचल के मौसम पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके चलते आसमान में बादलों की आवाजाही, तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ा है। इसके कारण बीते 72 घंटों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान सामान्य के आसपास अथवा उससे नीचे पहुंचने के संकेत हैं। रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है।
सुबह कई क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाने लगा है। हालांकि, सूर्योदय के बाद कोहरा छंटने से मौसम साफ हो रहा है और धूप निकलने पर लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 27.0 और न्यूनतम 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
गुरुवार को इसमें मामूली बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में हल्की वृद्धि के बावजूद रात के समय ठंड का प्रभाव बना हुआ है। सुबह और देर शाम ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में 1500 एकड़ के बागों से बदलेगी किसानों की किस्मत, GI टैग से चमकेगा गौरजीत आम
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव 21-22 नवंबर के दौरान पूर्वांचल के मौसम पर देखने को मिल सकता है। फिलहाल तापमान में मामूली बढ़ोतरी के संकेत हैं, लेकिन तूफान का प्रभाव होने पर इसमें फिर से प्रभावी गिरावट आ सकती है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।