विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में 1500 एकड़ के बागों से बदलेगी किसानों की किस्मत, GI टैग से चमकेगा गौरजीत आम

By Fz Khan Edited By: Vivek Shukla
Published: Thu, 19 Nov 2026 11:37 AM (GMT+05:30)

सिद्धार्थनगर के खास गौरजीत आम को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए जीआई टैग की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. गौरजीत आम को जीआई टैग दिलाने की पहल शुरू।

  2. राष्ट्रीय पहचान मिलने से किसानों की आय में वृद्धि होगी।

  3. मिठास, सुगंध और अगेती पैदावार इसे बनाती है खास।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जिले के खास स्वाद, मिठास और अगेती पैदावार के लिए प्रसिद्ध गौरजीत आम अब राष्ट्रीय पहचान की ओर कदम बढ़ा रहा है। इसकी विशिष्टता को प्रमाणित करने और उत्पाद को क्षेत्रीय पहचान से जोड़ने के लिए भौगोलिक संकेतक (जीआइ) टैग दिलाने की पहल शुरू हुई है।

लखनऊ स्थित सीएचआइएस ने सिद्धार्थनगर, बस्ती समेत कई जिलों से गौरजीत आम के जीआइ टैग के लिए आवेदन मांगा है। इस दिशा में उद्यान विभाग ने प्रजाति से जुड़े विस्तृत विवरण और किसानों की जानकारी जुटाकर प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी है।

जिले के बढ़नी, लोटन, नौगढ़, शोहरतगढ़, मिठवल, खेसरहा और बर्डपुर विकासखंड में गौरजीत आम की बागवानी प्रमुखता से होती है। करीब 1500 एकड़ क्षेत्रफल में इसके बाग फैले हैं। उद्यान विभाग ने जिले के 21 किसानों की सूची भी निदेशालय भेजी है। गौरजीत की मिठास, सुगंध, स्वाद और अगेती प्रकृति इसे अन्य आमों से अलग बनाती है।

मौसम अनुकूल रहने पर जून के दूसरे सप्ताह से इसकी आवक शुरू हो जाती है, जबकि दशहरी आम बाद में बाजार में पहुंचता है। ऐसे में शुरुआती बाजार में इसकी मांग और मूल्य मिलने की संभावना रहती है।

कृषि विज्ञानी प्रवीण मिश्रा, सोहना ने बताया कि गौरजीत को जीआइ टैग मिलने से इसकी पहचान कालानमक की तरह महत्वपूर्ण हो सकती है। भौगोलिक संकेतक मिलने के बाद दूसरे क्षेत्रों के उत्पादक इस नाम का उपयोग कर गौरजीत के नाम पर अपना आम नहीं बेच सकेंगे। इससे प्रजाति की शुद्धता और क्षेत्रीय पहचान सुरक्षित रहेगी।

यह भी पढ़ें- सर्द हवाओं के बीच पूर्वांचल में सियासी गर्मी, गोरखपुर-बस्ती में दिग्गजों की दस्तक

उत्पाद की विपणन प्रक्रिया भी आसान होगी और खरीदारों के बीच भरोसा बढ़ेगा। जीआइ टैग मिलने से गौरजीत आम की पहचान केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं रहेगी। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी ब्रांडिंग, मांग और मूल्य बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

इससे बागवानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा और गौरजीत की खेती आर्थिक रूप से अधिक लाभकारी बन सकती है। विशिष्ट पहचान मिलने से यह आम वैश्विक बाजार में भी अपनी जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे: सर्किल रेट नहीं, बाजार भाव और 100 प्रतिशत मुआवजे पर अड़े किसान



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।