विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में विकसित होगा 'सिद्धार्थ परिपथ', विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए प्रशासन का बड़ा प्लान

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:15 AM (IST)

सिद्धार्थनगर में कपिलवस्तु की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए 'सिद्धार्थ परिपथ' ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. कपिलवस्तु की विरासत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाना।

  2. विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए परिपथ का विकास।

  3. स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

जितेन्द्र पाण्डेय, सिद्धार्थनगर। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी से सटे उनकी क्रीड़ास्थली कपिलवस्तु की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की तैयारी है। दक्षिण कोरिया, श्रीलंका और म्यांमार सहित विभिन्न बौद्ध देशों से प्रतिवर्ष यहां श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन अधिकांश कपिलवस्तु स्तूप के दर्शन के बाद वापस लौट जाते हैं।

आसपास बिखरी ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत से उनका परिचय नहीं हो पाता। पर्यटकों के इसी सीमित ठहराव को अवसर में बदलने के लिए जिला प्रशासन सिद्धार्थ परिपथ विकसित करने की योजना बना रहा है। इसके माध्यम से बुद्धभूमि के महत्वपूर्ण स्थलों को एक पर्यटन मार्ग से जोड़कर विदेशी पर्यटकों को जिले में अधिक समय तक ठहरने के लिए आकर्षित किया जाएगा।

इस वर्ष भी दक्षिण कोरिया, श्रीलंका और म्यांमार के पर्यटक कपिलवस्तु पहुंच चुके हैं। इनमें दक्षिण कोरिया के पर्यटकों को छोड़कर अन्य देशों के दल यहां ठहरे नहीं। प्रशासन का मानना है कि कपिलवस्तु के साथ आसपास के पुरातात्विक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को एक व्यवस्थित पर्यटन श्रृंखला में शामिल किया जाए तो पर्यटकों के अनुभव को समृद्ध बनाया जा सकता है। इससे बुद्ध के जीवन दर्शन, बौद्ध संस्कृति और प्राचीन सभ्यता से जुड़े स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

टूरिस्ट एमेनिटी सेंटर से शुरू होगा पर्यटन का सफर
प्रस्तावित सिद्धार्थ परिपथ का पहला पड़ाव ब्लाक कार्यालय के सामने स्थित टूरिस्ट एमेनिटी सेंटर होगा। यहां से पर्यटक बर्डपुर-पिपरहवा मार्ग पर स्थित संत शिरोमणि मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद महेंद्र विहार का भ्रमण करेंगे, जहां श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु निवास करते हैं। आगे प्राचीन गनवरिया के राजप्रसाद और विश्वविख्यात पिपरहवा स्तूप के दर्शन कराए जाएंगे।

यहां से पर्यटक भारत-नेपाल सीमा तक जाएंगे और फिर वापसी करेंगे। लौटते समय मझौली, सिसवा और मर्थी सागर कृत्रिम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता से रूबरू होंगे। इस तरह धार्मिक आस्था, पुरातात्विक विरासत और प्राकृतिक पर्यटन को एक ही यात्रा में समेटने का प्रयास होगा।

बुद्धिस्ट थीम पार्क और लेजर शो भी होंगे आकर्षण
परिपथ की व्यापक योजना में टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर, विपश्यना केंद्र, बुद्धिस्ट थीम पार्क, टूरिस्ट हेल्प सेंटर और लेजर एंड साउंड शो को भी शामिल करने की तैयारी है। विभिन्न स्थलों पर सूचना केंद्र विकसित किए जाएंगे। यहां पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की दूरी, ऐतिहासिक महत्ता, भ्रमण मार्ग और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिलेगी।

इससे विदेशी पर्यटकों को भ्रमण की योजना बनाने में आसानी होगी। साथ ही बौद्ध देशों से आने वाले श्रद्धालुओं को कपिलवस्तु के आसपास मौजूद सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को समझने का अवसर मिलेगा।

सिद्धार्थ परिपथ का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे अंतिम रूप देने के बाद स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर पर्यटकों को जिले में अधिक समय बिताने के बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटकों का ठहराव बढ़ने से होटल, परिवहन, खानपान, हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों को विस्तार मिलेगा।

स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस पहल से बुद्धभूमि की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।- डॉ. ज्ञानप्रकाश, प्रभारी पर्यटन अधिकारी

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में लगातार दूसरे साल चक्रवाती तूफान से किसान बेहाल, धान के बाद अब गेहूं की बुवाई पर संकट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।