Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Flood: सिद्धार्थनगर का बड़हरा गांव टापू में तब्दील हुआ, रास्ते बंद; ग्रामीणों को मदद का इंतजार

    Updated: Sat, 09 Aug 2025 04:37 PM (IST)

    डुमरियागंज में लगातार बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बड़हरा गांव का संपर्क मार्ग डूब गया है जिससे गांव टापू में बदल गया है। ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और खाद्यान्न संकट भी गहरा गया है। प्रशासन ने अभी तक कोई नाव या राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई है जिससे लोग मदद का इंतजार कर रहे हैं।

    Hero Image
    टापू में तब्दील हुआ बड़हरा, रास्ते पर चढ़ा पानी।

    जागरण संवाददाता, डुमरियागंज। लगातार हो रही वर्षा और पड़ोसी देश नेपाल से छोड़े गए पानी ने क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी है। नगर पंचायत डुमरियागंज से सटे ग्राम पंचायत रमवापुर उर्फ नेबुआ के राजस्व गांव बड़हरा का मुख्य संपर्क मार्ग पानी में डूब गया है। गांव अब टापू में तब्दील हो चुका है और बाढ़ का पानी नगर की ओर बढ़ रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बड़हरा और राप्ती नदी के बीच कोई बांध न होने से चारों ओर पानी फैल गया है। गांव से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए। पानी के कारण खाद्यान्न संकट भी गहराने लगा है।

    ग्रामीण सहदेव, भोला, प्रकाश और उमेश ने बताया कि गांव के 80 फीसदी लोग मजदूरी करते हैं और शाम को घर लौटते समय नाव की सुविधा न होने से लोग पानी में उतरकर आने को मजबूर हैं।

    ग्राम प्रधान शिवपूजन ने बताया कि प्रशासन ने अब तक एक भी नाव उपलब्ध नहीं कराई है। लोग निजी नाविकों की नाव से गांव के बाहर आ-जा रहे हैं। राहत सामग्री भी अब तक नहीं पहुंची है और न ही कोई जनप्रतिनिधि स्थिति का जायजा लेने आया है।

    एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि गांव में हालात की जांच के लिए टीम के साथ स्वयं गया था। ग्रामीणों को हर संभव सहायता दी जाएगी। फिलहाल, बड़हरा के लोग चारों ओर पानी से घिरे हैं और सुरक्षित आवागमन व राहत सामग्री की प्रतीक्षा कर रहे हैं।