विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दक्षिण कोरिया से श्रीलंका तक के श्रद्धालुओं को रोकेगा 'सिद्धार्थ परिपथ', कपिलवस्तु पर्यटन को लगेंगे पंख

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:23 AM (IST)

कपिलवस्तु में बौद्ध श्रद्धालुओं का ठहराव बढ़ाने के लिए 'सिद्धार्थ परिपथ' विकसित किया जा रहा है। यह परिपथ आसपास के ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. कपिलवस्तु में पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने की योजना।

  2. सिद्धार्थ परिपथ से जुड़ेंगे बुद्धभूमि के प्रमुख स्थल।

  3. स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। भगवान बुद्ध की क्रीड़ास्थली कपिलवस्तु का अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान है। यहां प्रतिवर्ष दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, म्यांमार सहित विभिन्न बौद्ध देशों से श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद अधिकांश पर्यटक कपिलवस्तु स्तूप के दर्शन करने के बाद वापस लौट जाते हैं। आसपास के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी तथा समुचित पर्यटन सुविधाओं का अभाव उनके ठहराव में बाधा बनता है।

इस स्थिति को बदलने के लिए जिला प्रशासन सिद्धार्थ परिपथ विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके माध्यम से बुद्धभूमि के प्रमुख स्थलों को एक पर्यटन मार्ग से जोड़कर पर्यटकों को एक दिन से अधिक समय तक जिले में रोकने की योजना है।

इस वर्ष दक्षिण कोरिया, श्रीलंका और म्यांमार के पर्यटक यहां आ चुके हैं। इनमें दक्षिण कोरिया के पर्यटकों को छोड़कर अन्य देशों के दल यहां ठहरे नहीं। प्रशासन का मानना है कि यदि कपिलवस्तु स्तूप के साथ आसपास के पर्यटन स्थलों को व्यवस्थित रूप से जोड़ा जाए तो विदेशी पर्यटकों की रुचि और ठहराव दोनों बढ़ सकते हैं। प्रस्तावित सिद्धार्थ परिपथ का पहला पड़ाव ब्लाक कार्यालय के सामने स्थित टूरिस्ट एमेनिटी सेंटर होगा।

यहां से पर्यटक बर्डपुर-पिपरहवा मार्ग पर स्थित संत शिरोमणि मंदिर पहुंचेंगे। इसके आगे महेंद्र विहार है, जहां श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु निवास करते हैं। इसके बाद प्राचीन गनवरिया का राजप्रसाद और विश्वविख्यात पिपरहवा स्तूप का दर्शन कराया जाएगा। यहां से पर्यटक भारत-नेपाल सीमा तक जाएंगे और फिर वापस लौटेंगे। वापसी के दौरान उन्हें मझौली , सिसवा व मर्थी सागर(कृत्रिम जलाशय) की सुंदरता देखने का अवसर मिलेगा।

परिपथ में आगे टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर, विपश्यना केंद्र, बुद्धिस्ट थीम पार्क, टूरिस्ट हेल्प सेंटर और लेजर एंड साउंड शो को भी शामिल करने की योजना है। इन स्थलों पर सूचना केंद्र विकसित किए जाएंगे, जहां पर्यटकों को अन्य स्थानों की दूरी, ऐतिहासिक महत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिलेगी। प्रभारी पर्यटन अधिकारी डा. ज्ञानप्रकाश ने बताया कि सिद्धार्थ परिपथ का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में मूर्ति विसर्जन के बाद डूबे दो युवकों का 47 घंटे बाद मिला शव, गांव में छाया मातम

इसे अंतिम रूप देने के बाद स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर बाहर से आने वाले पर्यटकों को जिले में अधिक समय बिताने के बेहतर विकल्प मिलेंगे। उनका कहना है कि पर्यटकों का ठहराव बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। होटल, परिवहन, खानपान, हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों का विस्तार होगा। इससे बुद्धभूमि की अंतरराष्ट्रीय पहचान के साथ जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- कुत्तों को पहनाते हैं फूलों की माला फिर माथे पर लगाते हैं टीका; नेपाल में यूं मनाई जाती है अनोखी दीपावली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।