कुत्तों को पहनाते हैं फूलों की माला फिर माथे पर लगाते हैं टीका; नेपाल में यूं मनाई जाती है अनोखी दीपावली
नेपाल में दीपावली के अवसर पर पांच दिवसीय तिहार पर्व अनोखी परंपराओं के साथ मनाया जाता है, जिसमें मनुष्य ही ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
नेपाल में पांच दिवसीय तिहार पर्व दीपावली पर मनाया जाता है।
काग तिहार में कौवे, कुकुर तिहार में कुत्तों की पूजा होती है।
यह पर्व मनुष्य और प्रकृति के गहरे संबंध को दर्शाता है।
संवाद सूत्र, सिद्धार्थनगर। भारत में जहां दीपावली का पर्व मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के साथ मनाया जाता है, वहीं पड़ोसी देश नेपाल में दीपावली के अवसर पर मनाया जाने वाला पांच दिवसीय तिहार पर्व अपनी अनूठी परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है।
इस पर्व में मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को भी धार्मिक आस्था और सम्मान के साथ पूजा जाता है। तिहार की शुरुआत काग तिहार से होती है, जिसमें कौवों की पूजा की जाती है। इसके अगले दिन कुकुर तिहार पर कुत्तों को सम्मान देकर उनकी पूजा-अर्चना की जाती है।
नेपाल में काग तिहार यानी दिवाली के दिन सुबह से ही लोग घरों की छतों और आंगन में कौवों के लिए भोजन रखते हैं। कौवे को यमराज का दूत माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि कौवे की पूजा करने से अनिष्ट और संकट दूर रहते हैं तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। लोग कौवों को पकवान और अन्य खाद्य पदार्थ अर्पित कर उनका सम्मान करते हैं।
तिहार के दूसरे दिन कुकुर तिहार मनाया जाता है। इस दिन कुत्तों को नहलाकर उनके माथे पर टीका लगाया जाता है और गले में फूलों की माला पहनाई जाती है। उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया जाता है। नेपाली समाज में कुत्ते को वफादारी, सुरक्षा और मित्रता का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कुत्ता यमराज का संदेशवाहक भी है। इसलिए इस दिन उसे विशेष सम्मान दिया जाता है।
बॉर्डर पर भंसार को छोड़कर सभी संस्थान 5 दिन तक रहते हैं बंद
नेपाल में तिहार की यह परंपरा मनुष्य और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को दर्शाती है। यह पर्व संदेश देता है कि पशु-पक्षी भी प्रकृति और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं तथा उनके प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान का भाव रखना चाहिए।
भारत-नेपाल सीमा से सटे बढ़नी और कृष्णानगर क्षेत्र में भी नेपाल की इस अनूठी सांस्कृतिक परंपरा को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता रहती है। पहाड़ी समुदाय में इस त्यौहार को प्रमुखता से मनाया जाता है कृष्णा नगर क्षेत्र के पहाड़ी समुदाय के लोग काग तिहार एवं कुकुर तिहार को बहुत बड़ा त्यौहार मानते हैं नेपाल में तिहाड़ के अवसर पर 5 दिन का सार्वजनिक अवकाश होता है। बॉर्डर पर भंसार को छोड़कर बाकी सभी संस्थान 5 दिन बंद रहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।