अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा जनरल टिकट, अलीगढ़ समेत चार स्टेशनों पर शुरू होगी नई सुविधा
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म पर ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने की नई व्यवस्था शुरू की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा अनारक्षित ट्रेन टिकट।
अलीगढ़ सहित चार स्टेशनों पर सुविधा शुरू।
मोबाइल-यूटीएस सहायक करेंगे टिकट जारी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। ट्रेन से सफर के दौरान कई बार ऐसा होता है कि एक स्टेशन पर उतरते ही दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दी होती है। लेकिन आगे की यात्रा के लिए अनारक्षित टिकट लेना हो तो काउंटर की कतार पूरी योजना पर पानी फेर देती है।
कुछ मिनट की देरी और अगली ट्रेन छूटने का डर। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए रेलवे अब टिकट व्यवस्था को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने जा रहा है। नई व्यवस्था में यात्रियों को अनारक्षित टिकट के लिए प्लेटफॉर्म छोड़कर बुकिंग काउंटर तक नहीं जाना होगा।
प्रयागराज मंडल के अलीगढ़ सहित चार प्रमुख स्टेशनों पर कुल 102 सहायकों का चयन होना है। अलीगढ़ जंक्शन पर 18 मोबाइल-यूटीएस सहायकों की नियुक्ति की जाएगी। प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल में 36-3 और, प्रयागराज छिवकी में 12 सहायक रखे जाएंगे।
मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (एम-यूटीएस) सहायक योजना के तहत चयनित कर्मचारी हैंडहेल्ड मशीन लेकर प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगे और मांग करने पर तत्काल टिकट जारी करेंगे। इस तरह रेलवे की यह पहल यात्रियों की सुविधा के साथ स्थानीय युवाओं के लिए कमाई का अवसर भी लेकर आई है।
योजना में 18 वर्ष से अधिक आयु के हाईस्कूल पास युवा और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को ही शामिल किया जाएगा। उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के अमित कुमार सिंह ने बताया कि 26 नवंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। चयनित सहायकों को 30 जून 2027 तक ठेके पर काम करने का मौका मिलेगा।
टिकट बिक्री पर उन्हें एक से तीन प्रतिशत तक कमीशन दिया जाएगा। इस व्यवस्था में तकनीक और सुविधा दोनों का मेल होगा। सहायक अपने साथ मोबाइल डिवाइस, इंटरनेट कनेक्टिविटी, ब्लूटूथ प्रिंटर और टिकट रोल रखेंगे। टिकट जारी करने के बाद यात्री क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
महाकुम्भ के प्रयोग से मिली नई व्यवस्था को दिशा
रेलवे की इस पहल के पीछे महाकुम्भ के दौरान अपनाई गई टिकट वितरण व्यवस्था का अनुभव भी है। उस समय यात्रियों की भारी भीड़ के बीच प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में टिकट उपलब्ध कराने का प्रयोग किया गया था। इसकी सफलता के बाद अब इसे नियमित यात्री सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी है।
अलीगढ़ जैसे व्यस्त स्टेशन पर यह व्यवस्था खासतौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें कम समय में ट्रेन बदलनी पड़ती है। रेलवे की कोशिश है कि टिकट लेने की प्रक्रिया यात्रा में बाधा न बने, बल्कि सुविधा का हिस्सा बन जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।