Siddharthnagar Weather News: तेज धूप और उमस से लोग परेशान, झमाझम बारिश से भी नहीं मिली राहत
सिद्धार्थनगर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं धूप तो कहीं बारिश हो रही है जिससे लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में बारिश की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। कृषि मौसम केंद्र ने भी मानसून के जोर पकड़ने की बात कही है।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। इस समय अजीबो-गरीब मौसम लोगों के परेशानी की वजह बना हुआ है। कहीं धूप हो रही है तो कहीं पर झूमकर वर्षा हो रही है। शुक्रवार को तेज धूप व उमस तो कहीं पर बादल छाए रहने के बीच झमाझम वर्षा हुई।
मौसम विभाग की मानें तो मौसम में परिवर्तन हो रहा है और मानसून तीव्रता पकड़ रहा है। अगस्त का प्रथम सप्ताह बारिश भरा हो सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम तो कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
पिछले 24 घंटे में तापमान पर नजर डालें तो गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.5 व न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस था तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.8 व न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया। सुबह से ही मौसम का मिजाज तीखा रहा।
तेज धूप के दौरान भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहा। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही होती रही, पर मौसम शुष्क बना रहा। वैसे तो अधिकांश क्षेत्र में मौसम तीखा ही बना रहा, मगर इटवा में सायं के समय झमाझम वर्षा हुई। इसके बाद गर्मी से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली। वर्षा के दौरान कोई बाइक पर भीगते हुए सफर कर रहा था तो कुछ राहगीर छाते के सहारे जाते दिखाई दिए।
राज्य कृषि मौसम केंद्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून तीव्रता पकड़ रहा है। करीब एक सप्ताह तक मौसम वर्षा वाला रह सकता है। इस बीच हल्की से मध्यम तो कभी-कभी भारी वर्षा की संभावना है। उमस भरी गर्मी से लोगों का राहत मिल सकती है।
पिछले पांच दिनों में कुछ इस प्रकार रहा तापमान
दिनांक | अधिकतम | न्यूनतम |
1 अगस्त | 34.8 | 28.6 |
31 जुलाई | 34.5 | 28.7 |
30 जुलाई | 33.8 | 27.6 |
29 जुलाई | 32.2 | 28.0 |
28 जुलाई | 31.7 | 28.3 |
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।