भारत-नेपाल सीमा पर 205 क्विंटल तरबूज बीज जब्त, 42 लाख का माल पकड़ा गया; तस्कर फरार
नेपाल-भारत सीमा पर 205.6 क्विंटल तरबूज के बीज की तस्करी का मामला सामने आया है, जिसे नेपाल कस्टम विभाग ने बर्दिया जिले में पकड़ा। बीज लदे ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गए।

तरबूज के बीज बरामद। जागरण
जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़। भारत-नेपाल सीमा पर तरबूज के बीज की तस्करी का मामला सामने आया है। नेपाल के रास्ते भारत भेजे जा रहे 205.6 क्विंटल तरबूज के बीज को बुधवार रात कस्टम विभाग(नेपाल) की टीम ने बरामद किया।
कार्रवाई नेपाल के बर्दिया जिले की गुलरिया नगरपालिका-10 के पर्सिया गांव के सीमावर्ती क्षेत्र में की गई। टीम ने बीज लदे ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक में 514 बोरों में तरबूज का बीज लदा था। इसकी कुल मात्रा 205.6 क्विंटल बताई गई है। नेपाल के राजापुर कस्टम कार्यालय की टीम ने रात करीब 11 बजे ट्रक को पकड़ा। बरामद बीज का अनुमानित मूल्य 42 लाख नेपाली रुपये आंका गया है।
आशंका है कि इस खेप को सीमा पार कराकर भारत भेजने की तैयारी थी। राजापुर कस्टम कार्यालय की प्रमुख अनिता पौडेल के अनुसार, टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रक में शामिल लोग फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में AI से आधार बदलकर बनाते थे फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट, डेढ़ लाख में होता था सौदा
बीज का मालिक कौन है और इसे कहां से लाया गया था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। बीज के जल्दी खराब होने की आशंका को देखते हुए विभाग ने तत्काल मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।