सिद्धार्थनगर में फेरे शुरू होने से पहले मंडप छोड़कर चली गई दुल्हन, पिता के बयान से खुली योजना की पोल
सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक युवती फेरे से पहले मंडप छोड़कर चली गई। इस घटना ने योजना में अपात्रों के शामिल होने और पंजीयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सामूहिक विवाह समारोह के दौरान एक ही पंडाल में वैवाहिक रस्मों के लिए सजे मंच पर बैठे वर-वधु। फोटो- जागरण
HighLights
सामूहिक विवाह में दुल्हन फेरे से पहले मंडप छोड़कर चली गई।
योजना में अपात्रों के शामिल होने पर गंभीर सवाल उठे।
पिता ने बताया घर पर 21 अप्रैल को होगी पारंपरिक शादी।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अपात्रों के शामिल होने का मामला सामने आया है। गुरुवार को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान एक युवती फेरे पड़ने से पहले ही मंडप छोड़कर चली गई। इस घटनाक्रम के बाद विवाह की औपचारिकता और योजना के लिए कराए गए पंजीयन को लेकर सवाल उठने लगे।
बताया जा रहा है कि इटवा क्षेत्र से विवाह के लिए पहुंची युवती मंडप से उस समय बाहर निकली, जब मंच पर एक जनप्रतिनिधि का संबोधन चल रहा था। हालांकि दूल्हा और दुल्हन दोनों का कहना था कि उनकी शादी मंडप में हो चुकी है।
वहीं युवती के पिता ने बताया कि यहां भी शादी हुई है, लेकिन 21 अप्रैल को घर पर विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस घटनाक्रम ने सामूहिक विवाह योजना के तहत कराए जा रहे पंजीयन और पात्रता की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग पहले से तय विवाह के बावजूद योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन करा रहे हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। शाम साढ़े पांच बजे तक इस तरह की कोई स्थिति सामने नहीं आई थी। इसके बाद कोई घटनाक्रम हुआ हो तो इसकी जानकारी नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।