चोरों को पड़ गए लेने के देने, शादी से लौटा परिवार तमंचा देख भी न डरा; दो को किया आगरा पुलिस के हवाले
शादी से लौटे आगरा के एक परिवार ने अपने घर में घुसे चोरों का बहादुरी से सामना किया। उन्होंने तमंचा दिखाने वाले दो चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीसरा साथी भाग निकला।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। घर में ताला लगा देख चोरी करने पहुंचे चोरों को लेने के देने पड़ गए। शादी समारोह से लौटे परिवार ने घर घुसे चोरों को देखकर घबराने के बजाय उनसे मुकाबला किया। तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले दो चोरों को परिवार ने साहस दिखाते हुए पकड़ लिया। लोहे की राॅड लेकर आया तीसरा साथी मौके से भाग निकला।
पकड़े गए चोरों के पास से चोरी के जेवरात और नकदी बरामद हुई है। मौके पर जुटे कालोनी के लोगों ने चोरों की पिटाई करके उन्हें पुलिस के सिपुर्द कर दिया। शाहगंज क्षेत्र की विष्णु कालोनी निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि बुधवार की रात वह बेटों राहुल और अमित समेत परिवार के सदस्यों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।
अनहोनी की आशंका पर वह बेटों के साथ सतर्कता से घर में दाखिल हुए। सीढ़ियों के नीचे दो युवक दिखाई दिए। इससे पहले कि परिवार कुछ समझ पाता, उनमें से एक युवक ने जेब से तमंचा निकालकर तान दिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देने लगा। इस बीच कमरे में मौजूद उनका तीसरा साथी भी वहां आ गया।
जान का खतरा देख दिनेश और दोनों पुत्र राहुल एवं अमित साहस दिखाते हुए चोरों से भिड़ गए। उन्होंने चोरों को जमीन पर गिरा उसके हाथ से तमंचा छीन लिया। यह देख तीसरा साथी जो कि हाथ में लोहे की सरिया लिए हुआ था। उसके पैर उखड़ गए, वह साथियों को बचाने कीे जगह अपनी जान बचा रोहित और अमित को धक्का देकर भाग गया। पिता-पुत्रों के शोर मचाने पर कालोनी के लोग मौके पर जुट गए।
उन्होंने दोनों चोरों की पिटाई कर दी। लोगों के पूछताछ करने पर चोरों ने अपने नाम मुबीन और कलीम बताए। दिनेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि चोर घर की अलमारियां तोड़कर उसमें रखे नकदी-जेवरात समेट चुके थे। वहां से भागने की तैयारी में थे। तलाशी में मुबीन की जेब से बिछुआ और अंगूठी जबकि कलीम की जेब से पायल व नकदी बरामद हुई।
आरोपिताें से एक काला बैग, लोहे का छोटा सब्बल और रिंच भी मिले हैं। आरोपित बिना नंबर की बाइक से आए थे। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। उनके साथी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।