विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में AI से आधार बदलकर बनाते थे फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट, डेढ़ लाख में होता था सौदा

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:23 AM (IST)

दिल्ली पुलिस ने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) का उपयोग कर आधार कार्ड में बदलाव करता था और बिना चिकित्सकीय जांच के प्रमाण पत्र जारी कर एक से डेढ़ लाख रुपये वसूलता था।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. गिरोह एआइ से आधार कार्ड में बदलाव कर प्रमाण पत्र बनाता था।

  3. बिना जांच के प्रमाण पत्र के लिए लाखों रुपये वसूले जाते थे।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले संगठित गिरोह की कार्यप्रणाली का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) तकनीक का इस्तेमाल कर आधार कार्ड में नाम और पता बदलते थे। इसके बाद बिना चिकित्सकीय परीक्षण के फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार कराए जाते थे।

एक प्रमाण पत्र के लिए अभ्यर्थियों से एक से डेढ़ लाख रुपये तक वसूले जाते थे। दिल्ली पुलिस ने तीस हजारी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर आरोपितों की भूमिका और गिरोह के नेटवर्क का ब्योरा प्रस्तुत किया है। अब तक 10 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि चार अन्य सहित कई संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस ने न्यायालय को बताया कि 31 अगस्त को उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार कराने वाले गिरोह की सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कालेज के पास से गिरोह के सरगना ललित कुमार उर्फ आदित्य को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से कई फर्जी प्रमाण पत्र बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि बिना किसी चिकित्सकीय परीक्षण के प्रमाण पत्र तैयार कराए जाते थे।

दिल्ली के एक एसडीएम कार्यालय में निजी डाटा इंट्री आपरेटर के रूप में काम करने के दौरान उसकी पहचान आफताब आलम और सिद्धार्थनगर के मलेरिया अधिकारी जयप्रकाश शुक्ला से हुई थी। बाद में नोएडा निवासी रौशन मिश्रा भी इस नेटवर्क से जुड़ा। जांच में सामने आया कि रौशन अभ्यर्थियों का ब्योरा उपलब्ध कराता था।

इसके बाद आधार कार्ड और अन्य प्रपत्रों में एआइ की मदद से बदलाव कर मनचाहा पता दर्शाया जाता था। इसमें सिद्धार्थनगर, बरेली, बदायूं और गोरखपुर के पते इस्तेमाल किए गए। अभ्यर्थियों से ओटीपी लेकर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाती थी। सिद्धार्थनगर में जयप्रकाश शुक्ला, बरेली और बदायूं में कुलदीप तथा गोरखपुर में डी गोरख के माध्यम से प्रमाण पत्र तैयार कराने की बात सामने आई है।

रौशन प्रत्येक अभ्यर्थी से डेढ़ लाख रुपये तक वसूलता था। भुगतान यूपीआइ और नकदी के माध्यम से होता था। रकम गिरोह के सदस्यों में बांटी जाती थी। इस मामले में जयप्रकाश शुक्ला के अलावा ललित कुमार, कुलदीप, चंदन सिंह यादव और आदेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में फेरे शुरू होने से पहले मंडप छोड़कर चली गई दुल्हन, पिता के बयान से खुली योजना की पोल

पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर निवासी शव वाहन चालक सुरेंद्र रस्तोगी, रौशन कुमार, बरेली जिला अस्पताल के ईएनटी सर्जन डा. लक्ष्मीकांत सक्सेना, बदायूं के शेर सिंह, देवरिया सीएमओ कार्यालय के धीरेंद्र कुमार पांडेय और बदायूं जिला अस्पताल के नेत्र सर्जन डा. पीयूष मोहन अग्रवाल सहित अन्य आरोपितों को बंधपत्र पर सशर्त रिहा किया है। सात वर्ष से कम सजा वाली धाराओं के तहत कार्रवाई के चलते उन्हें यह राहत मिली है। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य संदिग्धों से पूछताछ और उनकी भूमिका की जांच अभी शेष है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर के इटवा में बड़ा हादसा टला: शौचालय तोड़ते हुए घर में घुसा 22 चक्का ट्रेलर, परिवार सुरक्षित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।