बढ़नी बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, जैकेट में 3.85 लाख रुपये छिपाकर नेपाल ले जा रहा नागरिक गिरफ्तार
सशस्त्र सीमा बल ने भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी चौकी पर एक नेपाली नागरिक को 3.85 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ पकड़ा। वह गाजियाबाद से यह रकम नेपाल के पाल्पा ले जा रहा था, जिसके बाद उसे सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया गया।

बढ़नी सीमा चौकी पर एसएसबी ने जांच के दौरान जैकेट से बरामद किए 500 के 770 नोट। जागरण
HighLights
एसएसबी ने बढ़नी सीमा चौकी पर नेपाली नागरिक को पकड़ा।
जैकेट से 3.85 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
गाजियाबाद से नेपाल के पाल्पा ले जा रहा था रकम।
संवाद सूत्र, तुलसियापुर, (सिद्धार्थनगर)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध रूप से भारतीय मुद्रा ले जाने के मामले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी की बढ़नी कंपनी ने एक नेपाली नागरिक को 3.85 लाख रुपये के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके जैकेट से 500 रुपये के 770 नोट बरामद हुए। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपित और बरामद मुद्रा को सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 नवंबर को 50वीं वाहिनी एसएसबी बलरामपुर की जी समवाय बढ़नी के जवान भारत-नेपाल सीमा स्थित जांच चौकी पर तैनात थे। इसी दौरान भारत से नेपाल जाने के क्रम में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके नीले रंग के जैकेट से 385000 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान पुरुषोत्तम सापकोटा (57) निवासी रम्भा, जिला पाल्पा, नेपाल के रूप में बताई। उसने बताया कि वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम से यह रकम लेकर नेपाल के पाल्पा जा रहा था।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में 19.66 करोड़ रुपये से बनेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सांसद जगदंबिका पाल ने किया भूमि पूजन
एसएसबी जवानों ने उसे भारत से नेपाल जाते समय 25 हजार रुपये से अधिक भारतीय मुद्रा ले जाने पर प्रतिबंध की जानकारी दी। इसके बाद बीआईटी कमांडर ने जब्ती से संबंधित आवश्यक अभिलेख तैयार कर आरोपित और बरामद धनराशि को अग्रिम कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया।