विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में सीएचसी शिलान्यास के दौरान भिड़े सांसद और विधायक के समर्थक, नारेबाजी के बाद हाथापाई

By Jitendra PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Sat, 21 Nov 2026 03:37 PM (IST)

बढ़नी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा के समर्थकों के बीच नारेबाजी को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। यह विवाद हाथापाई में बदल गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।

HighLights

  1. बढ़नी सीएचसी शिलान्यास कार्यक्रम में समर्थकों के बीच विवाद।

  2. सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा के समर्थक भिड़े।

  3. नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद हाथापाई में बदल गया।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर।  बढ़नी में 19.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शिलान्यास एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शनिवार को जनप्रतिनिधियों के समर्थकों के बीच जमकर घमासान हुआ। जिंदाबाद के नारों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

सांसद जगदंबिका पाल और शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के समर्थक आमने-सामने आ गए। मंच पर भी धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई। विधायक ने अपने कार्यकर्ता प्रदीप कमलापुरी की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को वीडियो भेजकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सांसद ने मारपीट में अपने समर्थकों की संलिप्तता से इन्कार करते हुए इसे जनता की नाराजगी का परिणाम बताया है।

शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित था। दोपहर करीब 12:30 बजे सांसद जगदंबिका पाल अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थक विकास पुरुष जगदंबिका पाल के समर्थन में नारे लगा रहे थे, जबकि मंच से विधायक विनय वर्मा के समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। सांसद के कुछ समर्थक मंच पर पहुंच गए और विधायक के समर्थकों से भिड़ गए। इसी दौरान प्रदीप कमलापुरी की पिटाई भी हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद मारपीट की घटना हुई।

घटना के दौरान विधायक विनय वर्मा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद नहीं थे। वह कुछ देर बाद पहुंचे। इसके बाद सांसद और विधायक एक साथ मंच पर दिखाई दिए। हालांकि, मंच पर साथ नजर आने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में अवैध अस्पताल में खून चढ़ाने के दौरान बिगड़ी हालत, जच्चा-बच्चा की मौत


विधायक बोले, यह गुंडागर्दी की पराकाष्ठा
विधायक विनय वर्मा ने कहा कि पुलिस बल की मौजूदगी में उनके कार्यकर्ता प्रदीप कमलापुरी को बेरहमी से पीटा गया। यह गुंडागर्दी की पराकाष्ठा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को घटना का वीडियो भेजकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं हुई तो मामला उच्च स्तर तक उठाएंगे।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल के बीच व्यापार और बिजली कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, बालेन शाह के दौरे से सीमावर्ती जिलों को होगा लाभ

सांसद बोले, जनता ने की पिटाई, समर्थक नहीं थे शामिल
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रदीप कमलापुरी को जनता ने पीटा है, उनके किसी समर्थक ने नहीं। उनके लोग गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे जनता नाराज हुई। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। करीब 20 करोड़ की परियोजना में आमंत्रित न किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।