विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में अवैध अस्पताल में खून चढ़ाने के दौरान बिगड़ी हालत, जच्चा-बच्चा की मौत

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:47 PM (IST)

सिद्धार्थनगर के एक अवैध अस्पताल में उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके नौ माह के शिशु की मृत्यु हो गई। परिजनों ने चिकित्सक की अनुपस्थिति और लापरवाही से खून चढ़ाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को बंद पाया और संचालक फरार मिला।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. अवैध अस्पताल में उपचार के दौरान गर्भवती महिला और शिशु की मौत।

  2. परिजनों ने चिकित्सक की अनुपस्थिति, लापरवाही से खून चढ़ाने का आरोप।

  3. स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पताल बंद मिला, संचालक फरार।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे नौ माह के शिशु की मृत्यु हो गई। स्वजन ने अस्पताल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि उपचार के दौरान कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। बिना उचित चिकित्सीय परामर्श के खून चढ़ाने से जच्चा-बच्चा की जान चली गई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पताल में ताला लटका मिला। संचालक फरार था। टीम ने नोटिस चस्पा कर सात दिन में अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव निवासी साहेब हुसैन ने बताया कि उनकी पत्नी हसीना नौ माह की गर्भवती थी। करीब 10 दिन बाद उसका प्रसव होना था। अस्पताल संचालक ने शरीर में खून की कमी बताकर दो यूनिट रक्त चढ़ाने की सलाह दी थी। गुरुवार रात करीब 10 बजे उसे मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के खड़सरी चौराहा स्थित फैमली हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराया गया।

पैथोलाजी जांच में हीमोग्लोबिन का स्तर नौ बताया गया। इसके बाद खून चढ़ाना शुरू किया गया। स्वजन के अनुसार दूसरे यूनिट का रक्त चढ़ाने के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई। संचालक ने मेडिकल कालेज ले जाने की सलाह दी, लेकिन इससे पहले ही महिला की मृत्यु हो गई। गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका।

संचालक के फरार होने से नहीं खुल सका ताला
घटना की सूचना पर नैदानिक स्थापना के नोडल डा. आशीष अग्रहरि और इटवा सीएचसी अधीक्षक डा. संदीप द्विवेदी टीम के साथ सुबह करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, संचालक सुबह 10:30 बजे तक अस्पताल के आसपास मौजूद था। इसी दौरान किसी का फोन आने के बाद वह ताला लगाकर फरार हो गया। टीम के साथ मजिस्ट्रेट और पुलिस मौजूद नहीं थी। इस कारण अस्पताल का ताला नहीं खुल सका। टीम ने शटर पर नोटिस चस्पा किया।

पोर्टल पर नहीं मिला अस्पताल का पंजीकरण
स्वास्थ्य विभाग की जांच में नैदानिक स्थापना के विभागीय पोर्टल पर फैमली हेल्थ केयर सेंटर के नाम से कोई पंजीकरण नहीं मिला। विभागीय टीम इसे अवैध रूप से संचालित अस्पताल मान रही है।नैदानिक स्थापना के नोडल डा. आशीष अग्रहरि ने बताया कि जच्चा-बच्चा की मृत्यु की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। संचालक ताला लगाकर फरार हो चुका था। उसे सात दिन के भीतर सभी अभिलेख सीएमओ कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। टीम में डा. संदीप द्विवेदी, लिपिक शिवम चौबे सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।