लुम्बिनी में फिर दौड़ेंगे इलेक्ट्रिक वाहन, पर्यटकों और श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान
लुम्बिनी में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए आवागमन सुविधा बेहतर बनाने हेतु लंबे समय से प्रयोगविहीन पड़े इलेक्ट्रिक वाहनों को दोबारा संचालित करने की पहल की गई है। एडीबी के सहयोग से उपलब्ध कराए गए इन वाहनों की मरम्मत कर उन्हें पर्यटक सेवा में लगाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

खड़े इलेक्ट्रीक वाहनों का निरीक्षण करते लुम्बिनी विकासकोष के नवनियुक्त सदस्य सचिव संतोष पांडे। स्रोत- लुम्बिनी विकासकोष
HighLights
लुम्बिनी में इलेक्ट्रिक वाहनों का पुनः संचालन शुरू होगा।
पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को आवागमन में मिलेगी सहूलियत।
पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण रहित परिवहन को बढ़ावा।
संवाद सूत्र, ककरहवा। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को जल्द ही आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकती है। इसके लिए लंबे समय से प्रयोगविहीन पड़े विद्युतीय वाहनों (ईवी) को दोबारा संचालित करने की पहल शुरू की गई है। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से उपलब्ध कराए गए इन वाहनों को आवश्यक मरम्मत और उचित प्रबंधन के बाद पर्यटक सेवा में लगाने की तैयारी है।
लुम्बिनी विकास कोष के नवनियुक्त सदस्य सचिव इंजीनियर संतोष पाण्डेय ने इस दिशा में विशेष रुचि दिखाते हुए वाहनों को दोबारा संचालन योग्य बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने की पहल की है। लंबे समय से उपयोग में नहीं होने के कारण इन वाहनों का पर्यटकों को लाभ नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में इन्हें फिर से सेवा में लाने की योजना को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लुम्बिनी में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक और बौद्ध अनुयायी पहुंचते हैं। परिसर के विभिन्न दर्शनीय स्थलों तक पहुंचने के लिए सुगम यातायात व्यवस्था की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों के दोबारा संचालन से पर्यटकों, बुजुर्गों और तीर्थयात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल बोले- 'संविधान के आदर्शों से नई पीढ़ी को जोड़ने का अभियान'
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण रहित परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कोष की इस पहल से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ ही पहले से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की उम्मीद जगी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।