सिद्धार्थनगर में बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल बोले- 'संविधान के आदर्शों से नई पीढ़ी को जोड़ने का अभियान'
सांसद जगदंबिका पाल ने संविधान को देश की एकता का आधार बताया और नई पीढ़ी को इसके मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया।

कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते सांसद जगदंबिका पाल मध्य में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र पांडेय दाएं प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं बिहार की प्रवासी गुंजा देवी। जागरण
HighLights
संविधान देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है।
26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत 2015 में हुई।
युवाओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। संविधान के आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। यह बात डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था और 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ।
वर्ष 2015 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने के साथ उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना है। सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आह्वान पर 26 से 29 नवंबर तक देशभर में संविधान दिवस समारोह होंगे। इसी क्रम में 26 नवंबर को सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों और युवाओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, निबंध, वाद-विवाद और परिचर्चा जैसी गतिविधियां नई पीढ़ी में संवैधानिक चेतना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर चलाए गए ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत देशभर में 13700 से अधिक कार्यक्रम हुए, जिनमें एक करोड़ से अधिक नागरिकों ने भाग लिया।
पत्रकार वार्ता में राजेंद्र पांडेय, फतेह बहादुर सिंह, गुंजा देवी, डा. सीमा मिश्रा, रमेश मणि त्रिपाठी, दीनबंधु शुक्ल, विनीता चतुर्वेदी और सतीश रस्तोगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।