विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंगासियस मछली का अंतरराष्ट्रीय बाजार में होगा दबदबा, भारत-नेपाल समझौते से सिद्धार्थनगर के पालकों की बदलेगी किस्मत

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:48 PM (GMT+05:30)

भारत-नेपाल के बीच पशुपालन व मत्स्य पालन समझौते से सिद्धार्थनगर के पंगासियस मछली क्लस्टर को नई उड़ान मिलेगी। इससे सीमावर्ती मत्स्य पालकों को तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण और नेपाल के बाजार तक पहुंच का लाभ मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. भारत-नेपाल समझौते से पंगासियस मछली क्लस्टर को बढ़ावा।

  2. तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण से उत्पादन क्षमता में वृद्धि।

  3. सिद्धार्थनगर के मत्स्य पालकों को नेपाल बाजार का लाभ।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। भारत और नेपाल के बीच पशुपालन एवं मत्स्य पालन के विकास को लेकर हुए समझौते से सिद्धार्थनगर के पंगासियस मछली क्लस्टर को नई उड़ान मिलने की उम्मीद जगी है। दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण और बाजार विस्तार की संभावनाएं बनने से सीमावर्ती क्षेत्र के मत्स्य पालकों को लाभ मिल सकता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन की उपस्थिति में आठ महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के लिए हुए समझौतों में पशुपालन और मत्स्य पालन से संबंधित सहमति पत्र भी शामिल है।

पंगासियस मत्स्य क्लस्टर के रूप में पहचान बना रहा जिला

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत सिद्धार्थनगर प्रदेश के प्रमुख पंगासियस मत्स्य क्लस्टर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। बढ़नी ब्लाक के अकरहरा गांव समेत जिले के कई क्षेत्रों में मत्स्य पालक आधुनिक तकनीक के सहारे उत्पादन बढ़ाने में जुटे हैं।

pm-modi-will-meet-nepal-pm-balen-shah

खास बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा पारंपरिक मत्स्य पालन से आगे बढ़कर वैज्ञानिक तौर-तरीके अपना रहे हैं। पालीकल्चर, जल प्रबंधन, तापमान नियंत्रण और पानी में पर्याप्त आक्सीजन बनाए रखने जैसी तकनीकों से उत्पादन को बेहतर बनाया जा रहा है। जिले में सालाना करीब 1.25 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हो रहा है। इससे मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार का मजबूत आधार बनता जा रहा है।

तकनीकी सहयोग से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता

भारत-नेपाल समझौते के बाद मत्स्य पालन के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच तकनीकी जानकारी साझा करने और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की राह खुल सकती है। बेहतर प्रबंधन, उन्नत उत्पादन तकनीक और मछलियों की गुणवत्ता सुधारने में भी सहयोग मिलने की संभावना है।

सिद्धार्थनगर की नेपाल से सटी भौगोलिक स्थिति इस समझौते को और महत्वपूर्ण बनाती है। नेपाल के कपिलवस्तु समेत तराई क्षेत्र में भी मत्स्य पालन की पर्याप्त संभावनाएं हैं। ऐसे में दोनों देशों के मत्स्य पालकों के बीच अनुभव और तकनीक का आदान-प्रदान उत्पादन को नई दिशा दे सकता है।

नेपाल में मांग, लेकिन आंध्र प्रदेश से पहुंचती है अधिकांश मछली

मत्स्य पालक अकरहरा निवासी वकार खान के अनुसार नेपाल में मछली की अच्छी मांग है। वहां सबसे अधिक मछली आंध्र प्रदेश से पहुंचती है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण नेपाल के मैदानी क्षेत्रों में ही मत्स्य पालन की अनुकूल संभावनाएं हैं। ऐसे में सिद्धार्थनगर के मत्स्य पालकों के लिए नेपाल का बाजार महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

यदि दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग के साथ मछली के प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, परिवहन और बाजार तक पहुंच को लेकर भी समन्वय बढ़ता है तो स्थानीय उत्पादकों को प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिल सकता है। हालांकि, समझौते का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब इसे धरातल पर उतारने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार होगी।

स्थानीय मत्स्य पालकों को प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं और बाजार से जोड़ने के साथ सीमा पार व्यापार की प्रक्रियाओं को भी सुगम बनाना होगा। इससे सिद्धार्थनगर का पंगासियस क्लस्टर क्षेत्रीय पहचान से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना सकता है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में स्वगणना की रफ्तार धीमी, आधी अवधि बीतने पर सिर्फ 1.77% परिवारों ने ही कराया रजिस्ट्रेशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।