विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में स्वगणना की रफ्तार धीमी, आधी अवधि बीतने पर सिर्फ 1.77% परिवारों ने ही कराया रजिस्ट्रेशन

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:29 PM (IST)

सिद्धार्थनगर में जनगणना-2027 की स्वगणना धीमी गति से चल रही है, निर्धारित अवधि के आधे में केवल 1.77% परिवारों ने पंजीकरण किया है।

कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी गोरव सिंह सोगरवाल। फोटो जागरण

कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी गोरव सिंह सोगरवाल। फोटो जागरण

HighLights

  1. सिद्धार्थनगर में जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया बेहद धीमी।

  2. कमजोर इंटरनेट, जागरूकता की कमी स्वगणना की धीमी गति का कारण।

  3. विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां भी जिले में तेज।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जनगणना-2027 के तहत चल रही स्वगणना की रफ्तार जिले में बेहद धीमी है। निर्धारित 15 दिनों की अवधि में करीब एक सप्ताह बीतने के बाद भी छह लाख परिवारों में से महज 10625 परिवार ही स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर सके हैं।

यानी अब तक केवल 1.77 प्रतिशत परिवारों ने ही अपना विवरण दर्ज कराया है। शुरुआती दिनों में स्थिति इससे भी खराब थी। जिला स्वगणना की प्रगति में 75वें स्थान पर था। लगातार प्रयासों के बाद अब 49वें स्थान पर पहुंचा है, लेकिन निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल करना अभी बड़ी चुनौती है।

स्वगणना की धीमी रफ्तार के पीछे कमजोर इंटरनेट संपर्क और जागरूकता की कमी प्रमुख वजह है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है। वहीं, परिषदीय विद्यालयों में इन दिनों अर्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। इसके चलते शिक्षक परीक्षा संबंधी कार्यों में व्यस्त हैं, जबकि स्वगणना अभियान में उनकी भी ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में अभियान को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है।

अधिकारियों को उम्मीद है कि परीक्षाएं समाप्त होने के बाद शिक्षक अभियान में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। इसके बाद जब प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों का विवरण जुटाएंगे तो स्वगणना के साथ ही जनगणना की प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अभियान के लिए 6,500 प्रगणक लगाए गए हैं। लोगों की सहायता के लिए तकनीकी टीम भी सक्रिय है। जहां स्वगणना में लोगों को परेशानी हो रही है, वहां टीम के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान कराया जा रहा है।

परिषदीय विद्यालयों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं समाप्त होने के बाद शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी। इसके साथ ही प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों का विवरण जुटाएंगे। इससे अभियान की गति बढ़ने की उम्मीद है।

निर्वाचन तैयारियों के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

उधर, विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने सहायक अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मतदान कार्मिकों की व्यवस्था एवं प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट, परिवहन, मतपत्र, डाक मतपत्र, वेबकास्टिंग, वीडियोग्राफी, चिकित्सा, सुरक्षा और स्ट्रांग रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

मतदान कार्मिकों के साथ मास्टर ट्रेनर, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने को कहा। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप शिकायतों का समयसीमा में निस्तारण करने तथा सी-विजिल एप पर मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आचार संहिता लागू होते ही राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और दीवारों पर लिखे प्रचार संबंधी संदेश हटाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में इसकी जिम्मेदारी नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी की होगी।

सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ बूथों का निरीक्षण करने को कहा। स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाने तथा मतदान में प्रयुक्त होने वाले वाहनों की व्यवस्था एक दिन पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मतदाता सूची की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण और निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति भी परखी। इस दौरान टोल फ्री नंबर 1950 पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित कर्मचारी ने बताया कि अधिकतर शिकायतें मतदाता सूची में नाम जोड़ने और नाम कटने से संबंधित हैं।

शिकायतकर्ताओं को ईसीआई-नेट एप के माध्यम से आवेदन करने के साथ संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा उपजिलाधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदाताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।

किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिदिन मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रगति रिपोर्ट तलब की। पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

बैठक में सीडीओ बलराम सिंह, डीएफओ नीला एम., एडीएम न्यायिक डा. ज्ञान प्रकाश, पीडी अनिल यादव, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, बीएसए शैलेष कुमार, डीडी कृषि राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कमल किशोर और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विशेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।