नेपाल सीमा के पास SSB की बड़ी कार्रवाई, बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर 3.85 क्विंटल चाइनीज लहसुन बरामद
सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर एक बोलेरो से 3.85 क्विंटल चाइनीज लहसुन बरामद किया। वैध कागजात न मिलने पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर वाहन और लहसुन कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

बढ़नी में बरामद चाइनीज लहसुन और एसएसबी के गिरफ्त में आरोपित। जागरण
HighLights
SSB ने बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर चाइनीज लहसुन पकड़ा।
बोलेरो से 3.85 क्विंटल विदेशी लहसुन बरामद किया गया।
तीन आरोपी हिरासत में, कस्टम विभाग को सौंपा गया।
संवाद सूत्र, बढ़नी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है। त्रिलोकपुर चौकी के जवानों ने बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर बोलेरो से 3.85 क्विंटल चाइनीज लहसुन बरामद किया। इस दौरान वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर बरामद लहसुन और वाहन सहित कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया गया।
बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर त्रिलोकपुर चौकी के निकट एसएसबी के जवान नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान बढ़नी की ओर से पचपेड़वा जा रही एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में लदा सामान देखकर जवानों ने चालक और उसमें सवार लोगों से पूछताछ की। हालांकि, वे सामान के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके।
उनके पास लहसुन से संबंधित वैध बिल, सीमा शुल्क भुगतान का प्रमाण अथवा अन्य आवश्यक अभिलेख भी नहीं थे। पूछताछ में वाहन सवार लोगों ने बताया कि बोलेरो में 3.85 क्विंटल चाइनीज लहसुन लदा है, जिसे बिक्री के लिए गोंडा ले जाया जा रहा था। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर एसएसबी जवानों ने लहसुन को संदिग्ध रूप से अवैध तरीके से ले जाए जाने के मामले में वाहन समेत कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में AI से आधार बदलकर बनाते थे फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट, डेढ़ लाख में होता था सौदा
इसके बाद बोलेरो को 50वीं वाहिनी के बढ़नी स्थित सीमा चौकी भेजा गया। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए लोगों की पहचान 71 वर्षीय खलील अहमद और 26 वर्षीय मिराज निवासी जनपद गोंडा तथा 24 वर्षीय समीर निवासी जनपद बलरामपुर के रूप में हुई।
एसएसबी ने तीनों आरोपितों को बरामद 3.85 क्विंटल विदेशी लहसुन और बोलेरो सहित कस्टम कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया। कस्टम विभाग की ओर से मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में फेरे शुरू होने से पहले मंडप छोड़कर चली गई दुल्हन, पिता के बयान से खुली योजना की पोल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।