विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी के इस जिले में 147 करोड़ की लागत से होगा मंदिर व पर्यटन स्थलों का कायाकल्प, शासन ने दी मंजूरी

Published: Tue, 15 Apr 2025 02:52 PM (IST)

UP News श्रावस्ती जिले के छह महत्वपूर्ण मंदिरों और पर्यटन स्थलों का कायाकल्प होगा। इसके लिए शासन ने 147.05 करोड़ ...और पढ़ें

यूपी के इस जिले में 147 करोड़ की लागत से होगा मंदिर व पर्यटन स्थलों का कायाकल्प
यूपी के इस जिले में 147 करोड़ की लागत से होगा मंदिर व पर्यटन स्थलों का कायाकल्प

जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। जिले के छह महत्वपूर्ण मंदिरों व पर्यटन स्थलों का कायाकल्प होने की तैयारी है। इसके लिए शासन ने 147.05 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। पर्यटन विभाग जल्द ही टेंडर कराते हुए काम शुरू करने की तैयारी में है। जंगल, झील, नदी व पहाड़ से घिरा श्रावस्ती जिला अध्यात्मिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है।

सनातन के साथ बौद्ध व जैन धर्म की जड़े भी यहां से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यटन व धार्मिक यात्रा के लिए यह क्षेत्र लोगों को रास आ सकता है। पर्यटन सुविधाओं का अभाव होने से यहां पर्यटक ठहरते नहीं थे।

पर्यटन विकास के लिए 147 करोड़ स्वीकृत

जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि जनप्रतिनिधियों व डीएम अजय कुमार द्विवेदी के प्रयास से वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत 147.05 करोड़ रुपये पर्यटन विकास के लिए स्वीकृत हुए हैं। इस राशि से बौद्ध पर्यटन स्थल श्रावस्ती व प्राचीन मंदिरों का सौंदर्यीकरण होगा। यहां पर्यटकों व तीर्थयात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बौद्ध तीर्थ क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के सृजन के लिए 4398.37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा जिले में समेकित पर्यटन विकास परियोजना के क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्रालय/व्यय विभाग से जारी योजना के तहत 7653.86 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय के प्रस्ताव पर सीताद्वार झील पर बने घाट के पर्यटन विकास के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। कलकलहा माता मंदिर के पर्यटन विकास पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। श्रावस्ती में महामंगोल बौद्ध विहार परिसर स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर फेसेड लाइटिंग (मुखौटा प्रकाश व्यवस्था) के लिए 110.15 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

बौद्ध स्थली श्रावस्ती में 2394.62 लाख रुपये से जातक कथा पर आधारित थीम पार्क का निर्माण होगा।

श्रावस्ती, डीएम ने बताया अजय कुमार द्विवेदी

श्रावस्ती में पर्यटन उद्योग विकसित होगा तो स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। पर्यटक सुविधाएं विकसित होंगी तभी देशी-विदेशी पर्यटकों का यहां ठहराव होगा। इसके लिए शासन की ओर से धनराशि स्वीकृत की गई है। औपचारिकता पूरी होने के बाद शीघ्र काम शुरू होगा।